अशोक अरोड़ा पर हमले की सुल्तान सिंह जडौला ने की कड़े शब्दों में निंदा..
कहा : विधायक अरोड़ा का प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण स्थान..
इंडिया गौरव ब्यूरो कैथल, 25 मई । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुल्तान सिंह जडौला ने कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा के साथ हुए दुव्र्यवहार व जानलेवा हमला करने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि जनता के चुने हुए विधायक का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह किसी एक विधायक पर नहीं बल्कि लोकतंत्र और संवैधानिक मर्यादाओं पर हमला है। नई अनाज मंडी ढांड में अपने प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेसी नेता सुल्तान जडौला ने कहा कि नगर परिषद थानेसर की बैठक में भाजपा के बाहरी लोगों द्वारा जिस प्रकार से 5 बार के विधायक रहे अशोक अरोड़ा पर हमला किया है, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। इस मामले में कांग्रेस हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अगुवाई में प्रदेश के राज्यपाल से मुलाकात कर इस मामले में कार्रवाई की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि यदि कुरुक्षेत्र जिला प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस आगामी रणनीति बनाकर कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन करेगी। इस मामले में कांग्रेस पार्टी गंभीर है। पूव विधायक सुल्तान जडौला ने कहा कि विधायक अशोक अरोड़ा हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री रह चुके है और प्रदेश की राजनीति में अशोक अरोड़ा का एक महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा लोकतंत्र को रोंदने का काम कर रही है, उसे किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाऐगा। जब नगर परिषद थानेसर द्वारा पहले ही पत्र जारी कर दिया गया था कि पार्षदों के अलावा कोई नहीं आऐगा तो बाहरी लोगों को बैठक में क्यों जाने दिया गया। इतना ही नहीं इन लोगों ने अशोक अरोड़ा के साथ दुव्र्यवहार और जानलेवा हमला किया गया। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुल्तान सिंह जडौला ने कहा कि कांग्रेस ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करती है। इन लोगों की जल्द से जल्द पहचान करके कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधि के साथ दुव्र्यवहार व हमला ना कर सके।


