गुहला-चीका, 17 मार्च: एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने कहा कि हरियाणा मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार हलका गुहला में मतदाता सूची एवं चुनाव से संबंधित मुद्दों पर राजनीतिक दलों की बैठक बुलाई गई। इस बैठक में गुहला के विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने मतदान केंद्रों, वार्डों तथा मतदाता सूची से संबंधित विषय पर चर्चा की।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने सुझाव देते हुए कहा कि बूथ वाईज बीएलओ की डयूटी लगाकर मतदाता सूची को आधार कार्ड से लिंक किया जाए। मतदाता सूची में त्रुटि को दूर करने के लिए सरल सिस्टम बनाया जाए। सभी बूथों को इस प्रकार से बनाया जाए, जिससे एक ही परिवार के सभी सदस्यों के वोट एक बूथ पर डाल सके। मतदाता के नाम, पता, या उसके स्थानांतरण हो जाने जैसी त्रुटियों को समय-समय पर मतदाता सूची में अपडेट किया जाए। मतदाता सूची को दुरूस्त करने के लिए ज्यादा से ज्यादा शिविर आयोजित किए जाए। वोटर कार्ड में समय-समय पर फोटो को अपडेट किया जाए, जिससे वोटर की पहचान सही से की जा सके। इस मौके पर जोगा सिंह, मांगे राम जिंदल, दलबीर सिंह सीड़ा, अवतार सिंह सीड़ा, साहब सिंह, सुखचैन सिंह आदि मौजूद रहे।


