Sunday, December 7, 2025
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeहरियाणा प्रदेशकेंद्र सरकार प्रदेश हित में हस्तक्षेप कर जल संकट विवाद को खत्म...

केंद्र सरकार प्रदेश हित में हस्तक्षेप कर जल संकट विवाद को खत्म करें : नीरज जडौला

कांग्रेस किसानों व प्रदेश की जनता के हित में हरेक संघर्ष के लिए तैयार

इंडिया गौरव ब्यूरो   ढांड, 9 मई :  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सरपंच नीरज कुमार जडौला ने कहा कि पहले से ही एसवाईएल का निर्माण ना होने के चलते हरियाणा के अधिकारों पर कुठाराघात हो रहा है। ऊपर से जो पानी प्रदेश को मिल रहा है, उसपर भी अब संकट छ गया है। ऐसे में प्रदेश की आवाज को बुलंद करने की जरूरत है। कांग्रेस किसानों व प्रदेश की जनता के हित में हरेक संघर्ष के लिए तैयार हैं। कस्बे में बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड के अध्यक्ष को बंधक बनाने की की कोशिश और लॉक लगाना गैरकानूनी, असंवैधानिक और अस्वीकार्य है। आम आदमी पार्टी के जिस मंत्री ने यह काम किया है, उसे तुरंत बर्खास्त करना चाहिए। साथ ही केंद्र सरकार को मामले का संज्ञान लेते हुए भाखड़ा डैम से पंजाब पुलिस को हटाकर, तुरंत सेंट्रल फॉर्सेज की तैनाती करनी चाहिए। कांग्रेसी नेता नीरज जडौला ने कहा कि हम एक संघीय ढांचे का हिस्सा हैं। भाखड़ा और नांगल डैम केंद्र सरकार के प्रोजेक्ट हैं। वहां पर तैनात तकनीकि कमेटी राज्यों को पानी के वितरण का फैसला लेती है। इसमें किसी की तानाशाही नहीं चल सकती। इसलिए हरियाणा किसी और के हिस्से का नहीं, बल्कि अपने हिस्से का पानी मांग रहा है। 1966 से लेकर आज तक कभी इस जल वितरण को लेकर विवाद नहीं हुआ। पूर्व सरपंच नीरज जडौला ने कहा कि आखिर आज ऐसे हालात क्यों पैदा किए जा रहे हैं। क्योंकि पंजाब में चुनाव आने वाले हैं और आम आदमी पार्टी की सियासी जमीन खिसक चुकी है। इसलिए आप पार्टी पानी पर कोरी राजनीति कर रही है। हाई कोर्ट ने भी पंजाब सरकार को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वो जल वितरण में दखलअंदाजी ना करे। ऐसे में पंजाब सरकार कोर्ट के आदेशों की भी अवमानना कर रही है। कांग्रेसी नेता नीरज जडौला ने कहा कि ऐसे में हरियाणा सरकार को भी अपनी बात मजबूती से उठानी चाहिए। तुरंत केंद्र सरकार से दखल की मांग करते हुए इस विवाद को खत्म किया जाना चाहिए। विपक्ष हरियाणा हित के मसलों पर सरकार के साथ खड़ा है। प्रदेश सरकार को किसी तरह की कमजोरी नहीं दिखानी चाहिए। हम प्रदेश के हक का एक-एक बूंद पानी लेकर रहेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments