कहा : मुख्यमंत्री दिन रात कर रहे है नि:स्वार्थ भाव से जनता की सेवा
इंडिया गौरव ब्यूरो ढांड, 2 जून । भाजपा ढांड मंडल अध्यक्ष विजेंद्र मैहला जडौला ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस समग्र सोच का प्रतीक है जो एकता में शक्ति को मानती है। वन नेशन-वन इलेक्शन प्रधानमंत्री के उसी सपने की कड़ी है, जिसे हमने एक भारत श्रेष्ठ भारत के रूप में देखा है। यह विचार देश के हर नागरिक को एक समान अवसर देता है, एक साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। नई अनाज मंडी ढांड में अपने प्रतिष्ठान पर बातचीत करते हुए भाजपा नेता विजेंद्र मैहला ने कहा कि विकास पुरुष मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश विकास की बुलंदियों को छू रहा है और मुख्यमंत्री दिन रात नि:स्वार्थ भाव से जनता की सेवा कर रहे है। चुनाव में जनहित में किए गए वादों को नायब सरकार प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में चुनाव एक समय पर कराने से चुनावों पर आने वाला खर्च कई गुणा कम हो सकता है। प्रशासनिक मशीनरी का बेहतर उपयोग हो सकता है। साथ ही विकास की रफ्तार बिना रुके आगे बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव (वन नेशन वन इलेक्शन) सिर्फ एक राजनीतिक विचार नहीं है, यह राष्ट्रहित का विचार है। यह समय, संसाधन और जन-भागीदारी को और अधिक सशक्त करने वाला विचार है। यह वह विचार है जिसके अनुसार जब एक राष्ट्र एक साथ चलता है, तब वह हर बाधा को पार कर सकता है। जब देश एक साथ सोचता है, तब वह हर संकट का समाधान निकाल सकता है। विजेंद्र मैहला ने युवा शक्ति से आह्वान किया कि वे कॉलेजों में, गांव की चौपालों में, सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा कर एक सार्थक माहौल बनाने में सहभागी बने। यह राष्ट्र निर्माण का कार्य है, जिसमें हर नागरिक की भूमिका अनिवार्य है। विभिन्न स्तरों के चुनाव बार-बार कराए जाने से न केवल आर्थिक संसाधनों पर दबाव पड़ता है, बल्कि इससे विकास की निरंतरता भी बाधित होती है।


