गुरुग्राम, 04 फरवरी । सीवर साफ करने वाले कर्मचारियों के साथ वार्ड-33 की पार्षद के
पति द्वारा की गई बदसलूकी करने के विरोध में सफाई कर्मचारी उग्र हाे गए हैं। आरोप है कि पार्षद
पति ने कर्मचारियों को जातिसूचक गालियां दीं और उन्हें लट्ठ मारने की धमकी दी। इसके विरोध में
कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय पर धरना देने के साथ ही
कर्मचारियों ने शहर में प्रदर्शन किया।
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा राज्य उपप्रधान बसन्त कुमार ने नगर निगम प्रशासन को
चेतावनी देते हुए कहा कि वार्ड-33 पार्षद सारिका भारद्वाज के पति प्रशांत भारद्वाज के खिलाफ
निगम प्रशासन कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी, सरकारी कार्य में बाधा डालने व
एससी/एसटी की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने कहा कि सेक्टर-4 पुलिस
थाना में शिकायत देने के बाद भीथाने कंप्लेंट देने के बाद भी राजनीतिक दवाब के कारण पार्षद पति
प्रशांत भारद्वाज पर एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही। यह गरीब, दलित सफाई कर्मचारियों के साथ
अन्याय है। कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस आयुक्त को ज्ञापन देकर मांग की है कि पार्षद
पति प्रशांत भारद्वाज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके तुरंत गिरफ्तार किया जाए। अगर ऐसा नहीं
किया जाता है तो सफाई कर्मचारी आंदोलन तेज करेंगें।
बुधवार को कर्मचारियों की हड़ताल की अध्यक्षता इकाई वरिष्ठ उपप्रधान सम्मी बोहत ने की।
संचालन इकाई सचिव धर्मेंद्र जिंगाला ने किया। हड़ताल पर बैठे वरिष्ठ कर्मचारी नेता राजेश कुमार,
राज्य सहसचिव सुशीला देवी, रेहड़ी पटरी यूनियन के संयोजक राजेंद्र सरोहा, जनवादी महिला समिति
की अध्यक्ष व दलित अधिकार मंच हरियाणा की कनवीनर ऊषा सरोहा, सर्व कर्मचारी संघ के जिला
सहसचिव ललित, वरिष्ठ उपप्रधान ज्ञान चंद, भारत कांगड़ा, दयाचंद, कैलाश संगेलिया, सीमा देवी,
मीनू देवी, पिंकी, अनिता देवी, रविंदर, अशोक कुमार, सीवरमैन जयपाल, राकेश वाल्मीकि, सतबीर,
कुलदीप ने भी कर्मचारियों के हितों में आवाज उठाई।

