हमारी शक्ति, हमारा ग्रह विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित..
इंडिया गौरव ब्यूरो कैथल / ढांड, 23 अप्रैल: चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय ढांड डडवाना, कैथल में प्राचार्या डॉ. संगीता शर्मा के मार्गदर्शन से विज्ञान विभाग द्वारा ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ मनाया गया। इस उपलक्ष्य में विज्ञान प्रकोष्ठ की मैडम प्राची, मैडम सुमन, मैडम पिंकी द्वारा निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हमारी शक्ति, हमारा ग्रह विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता में छात्राओं ने निबंध लिखे। उन्होंने पृथ्वी दिवस पर पर्यावरण संबंधी मुद्दों जैसे प्रदूषण, वनों की कटाई ,जलवायु परिवर्तन और विभिन्न प्रजातियों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए निबंध लिखे। प्राचार्या डॉ. संगीता शर्मा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी दिवस को मनाने का उद्देश्य लोगों पर पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं जैसे हवा और प्रदूषित पानी,प्लास्टिक का कचरा और पेड़ों की कटाई के बारे में जागरूक करना है। इस प्रतियोगिता में विभिन्न संकायों से प्रतिभागियों ने मुख्य विषय से सम्बंधित अलग-अलग निबंध लिखे। जिनमें से प्रथम स्थान पर बी.एस. प्रथम वर्ष से खुशी, द्वितीय स्थान पर बी.एस. प्रथम वर्ष से जैसविन और तृतीय स्थान पर बी.एस. द्वितीया वर्ष से खुशी चौधरी रही। निर्णायक मंडल की भूमिका डॉ. सुनीता गुप्ता, डॉ. मंजू बाला, डॉ. मीना ने सफलतापूर्वक निभाई। प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को प्राचार्या द्वारा पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


