Monday, March 23, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeहरियाणा प्रदेशडीसी प्रीति ने ली सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक, अधिकारियों को...

डीसी प्रीति ने ली सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश


इंडिया गौरव ब्यूरो कैथल 26 मई । कैथल, 26 मई। डीसी प्रीति ने कहा कि सभी संबंधित विभाग सड़क सुरक्षा के मुद्दे को गंभीरता से लें। अगर किसी विभाग की कमी की वजह से कोई सड़क हादसे में किसी की मौत होती है तो उस संबंधित विभाग की भी इसके लिए जवाबदेही तय की जाएगी। सड़क पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा से किसी प्रकार का कोई समझौता नहीं किया जाएगा। एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, नगर निकाय व मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी सुनिश्चित करें कि उनकी सभी सड़कें सुरक्षा मानक पर खरी हैं और सभी आवश्यक उपाय पूरे हैं। वहीं वन विभाग पूरे जिले की सड़कों पर सुनिश्चित करें कि अनावश्यक पेड़ों की टहनियां बीच में न आएं। डीसी प्रीति ने तितरम देवबन रोड की सही तरीके से रिपेयर न करने पर संबंधित एसडीओ एवं जेई को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।डीसी प्रीति सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक में अधिकारियों को दिशा निर्देश दे रहीं थी। उन्होंने दो घंटे से भी अधिक समय तक ली बैठक में इस साल अब तक हुए हादसों की केस अनुसार समीक्षा की। उन्होंने क्रमवार सभी एजेंडों पर चर्चा की और संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए। डीसी प्रीति ने नगर निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शहरों में सुनिश्चित करें कि चौक-चौराहे सुरक्षा मानकों अनुसार ही बनाए जा रहे हैं या नहीं। जरूरत पड़े तो हाउस की बैठक में चौक चौराहों के सुरक्षा मानकों अनुसार निर्माण करवाने का प्रस्ताव लाएं। इसी प्रकार डीसी ने नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हाईवे पर बिना परमिशन के चल रहे ढाबों को नोटिस जारी करके आवश्यक कार्रवाई करें। ढाबों के बाहर अवैध पार्किंग के कारण हादसे हो रहे हैं। साथ ही मुख्य चौक-चौराहों पर बसों का ठहराव होता है, जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। एनएचएआई के अधिकारी तितरम मोड पर लगाने वाली लाइट के कार्य को जल्द पूरा करें। साथ ही रोडवेज जीएम सुनिश्चित करें कि बसों को चौक से थोड़ा आगे या पीछे सवारियों को उतारें और चढ़ाएं।डीसी प्रीति ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि वे वाहन चलाते समय फोन का प्रयोग, गलत दिशा में वाहन चलाने, ट्रिपलिंग व कम उम्र में वाहन चलाने वालों के चालानिंग को ओर बढ़ाएं। इसके अलावा पिछले माह जहां जहां सड़क हादसे हुए हैं, संबंधित एसडीएम, डीएसपी व संबंधित सड़क के विभाग के कार्यकारी अभियंता इन प्वाइंट्स का दौरा करेंगे और हादसे के कारण व बचाव कार्य के लिए अपनी रिपोर्ट देंगे। सड़क निर्माण संबंधित सभी विभाग अपने जेई व एसडीओ से उनके अधीन आने वाले सड़कों को लेकर एक प्रमाण पत्र देंगे कि उनकी सड़क सुरक्षा संबंधित सभी मानक पूरे करती हैं। सभी सड़कों पर रोड सेफ्टी से संबंधित साइन बोर्ड लगे होने चाहिए। बर्म सही और साफ होनी चाहिए।डीसी प्रीति ने आरटीए, एसडीएम व पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि ओवरलोडिड तूड़ी वाले ट्रैक्टरों पर शिकंजा कसा जाए। उनका चालान किया जाए और उसे तब तक न छोड़ा जाए जब तक वह अतिरिक्त तूड़ी को दूसरे वाहन में शिफ्ट न कर दे। इसके साथ ही उन्होंने नगर निकाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रेती बजरी बेचने वालों की ओर भी ध्यान दें, अगर कहीं पर रेती या बजरी सड़क पर पड़ी मिले तो उन पर नियमानुसार कार्रवाई करें। इसके साथ ही रेहड़ी फड़ी वालों के लिए वेंडिंग जोन बनाने को लेकर प्लान तैयार करें। पुलिस व आरटीए विभाग विश्लेषण करें कि कितने हादसे हेलमेट की कमी की वजह से हुए हैं। इसी प्रकार उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से सभी निजी स्कूल व प्ले स्कूल संचालकों को निर्देश दिए कि वे जून माह में अपनी बसों की खामियां को दुरुस्त कर लें। डीसी ने कहा कि पुलिस बिना हेलमेट वाहन चलाने पर चालानिंग बढ़ाए। कई हादसों में मौत का कारण होता है कि संबंधित व्यक्ति ने हेलमेट नहीं पहना था। इसलिए लोगों में जागरूकता अभियान भी चलाया जाए। साथ ही चालान करके उन्हें बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाने को लेकर हतोत्साहित किया जाए। डीसी ने कहा कि हादसों में मौत होने पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक में विभागाध्यक्ष स्वयं पहुंचना सुनिश्चित करें। मासिक बैठक से पहले एक समीक्षा बैठक कर दिए गए निर्देशों पर एक्शन टेकन रिपोर्ट ली जाएगी। बैठक में जो निर्देश जारी किए गए हैं, अधिकारी उन पर गंभीरता से काम करते हुए रिपोर्ट दें। एसपी आस्था मोदी ने भी उस नक्शे के साथ सड़क अनुसार चर्चा की, जहां-जहां पर सड़क हादसों में इस साल लोगों की मौत हुई हैं। एसपी ने कहा कि आंकड़े के हिसाब से कैथल-गुहला रोड, चीका से गुहला रोड, कलायत, कैथल शहर, पाडला रोड, पाई-पूंडरी रोड, राजौंद, कैथल से असंध रोड, ढांड रोड सहित कुछ ऐसी सड़कें हैं, जहां हादसों में मौतें हुई हैं। एसपी ने कहा कि अधिकारी मुख्य रूप से इन मार्गाें पर उन प्वाइंट्स को खोजें, जिसके कारण यहां मौत हो रही हैं। इसके अलावा शहरों के अंदर जो मौतें हो रही हैं, उसके लिए हेलमेट की चालानिंग करें। उन्होंने कहा कि सभी कालेज प्रबंधन को सुनिश्चित करना चाहिए कि उनके कॉलेज में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थी यातायात नियमों का पालन करे। उन्होंने सुझाव दिया कि जो विद्यार्थी नियमों की अवहेलना करता है, उस पर कॉलेज की ओर से जुर्माना लगाया जा सकता है।इस अवसर पर एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने भी एनएचएआई द्वारा कई प्वाइंटस पर सुधार न किए जाने पर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। आरटीए गिरीश चावला, गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, डीएसपी सुशील प्रकाश, जीएम रोडवेज कमलजीत सिंह, डीआईओ दीपक खुराना, रेडक्रॉस सचिव रामजी लाल, कार्यकारी अभियंता अरुण कंसल, सतपाल, सड़क सुरक्षा समिति के गैर सरकारी सदस्य सतीश सेठ सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments