देश की बागडोर मजबूत हाथों में : सतपाल जांबा..
विधायक सतपाल जांबा ने लिया तिरंगा यात्रा में भाग..
इंडिया गौरव ब्यूरो पूंडरी, 13 मई। विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को आतंकवाद पर जो जवाब दिया है, वह सब इसलिए संभव हो पाया है कि आज देश की बागडोर मजबूत हाथों में है। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए जहां अपना पराक्रम दिखाया है, वहीं पहलगाम में हुए हमले का बदला लिया है। भारतीय सेना ने 9 आतंकी ठिकानों को तबाह करके आतंकवादियों को मुंह तोड़ जवाब दिया है और उनके नेटवर्क को ध्वस्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिंधु जल संधि तोड़कर पाकिस्तान पर करारी चोट की है। विधायक सतपाल जांबा पंचकूला में आयोजित एक यात्रा देशभक्ति के नाम तिरंगा यात्रा के दौरान बोल रहे थे। यात्रा की अगुवाई हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कर रहे थे, उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली व मंत्रिमंडल सहयोगी, जनप्रतिनिधि सहयोगियों व बड़ी संख्या में नागरिकों के साथ भागीदारी की। इस अवसर पर उन्होंने मरणोपरांत अशोक चक्र मेजर सन्दीप सांखला की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए श्रद्धासुमन भी अर्पित किए। विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि देश की एकता, अखण्डता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में भारतीय सैन्यबल को निरन्तर सशक्त किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप देश की सैन्य ताकत विरोधियों के घर में घुसकर कड़ा जवाब दिया है।


