बोलीं: जल्द ही अमर साइकिल से मार्केट कमेटी कार्यालय तक 24 लाख से बनेगी सडक़..
हरियाणा / कैथल, 1 अप्रैल।नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने मंगलवार को करीब डेढ़ करोड़ रुपये से कच्चे फीड़ों के निर्माण को पक्का करने का पूरा होने पर उद्घाटन किया। अब गेहूं सीजन में आढ़तियों व किसानों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं आएगी। यह मांग वर्षों से लंबित थी, अब कच्ची जगह पर ब्लाक लगने से कोई परेशानी नहीं आएगी। इसके अलावा गोशाला वाली सडक़ का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। यह इस समय कच्चा व जर्जर हालत में है। उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन एवं पार्षद रामनिवास मित्तल, पूर्व सरपंच श्याम लाल नौच, प्रवीण सेगा, चंद्रभान सेगा, टेकचंद धनौरी, वेदप्रकाश हरसौला, बीरभान जैन, महावीर बलवंती, रमेश, रामनिवास मित्तल, विनोद सेगा, देशराज मौजूद रहे। नप चेयरपर्सन के इस कार्य को लेकर अनाज मंडी के आढ़तियों ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि नप चेयरपर्सन के समक्ष आढ़तियों ने यह मांग रखी थी, जो अब पूरी हो गई है। पहले सीजन में कच्चे फीडों के कारण काफी दिक्कत आती थी, अब पक्के फीड बनने से काई परेशानी नहीं आएगी।नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने बताया कि अमर साइकिल से मार्केट कमेटी कार्यालय तक 24 लाख से बनेगी सडक़ के साथ-साथ टेलीफोन एक्सचेंज से संधू ट्रेडिंग तक सडक़ के निर्माण पर एक करोड़ की राशि होगी खर्च होगी। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके साथ-साथ करीब तीन साल से बंद पड़ा रेलवे फाटक के निर्माण को लेकर भी चार करोड़ 96 लाख रुपये से ज्यादा की राशि नगर परिषद कार्यालय में पहुंच गई है, इस राशि को अब जल्द ही रेलवे विभाग को भेज दिया जाएगा। उम्मीद है कि अगले दो से तीन माह में रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस अंडरपास के बनने से करीब 25 कालोनियों में रहने वाले लोगों को फायदा होगा। बता दें कि वर्ष 2022 में रेलवे विभाग की तरफ से यहां से रेलवे फाटक को बंद किया गया था।
माडल टाउन गोशाला को किया जा चुका है शिफ्ट
शहर की नई अनाज मंडी के नजदीक स्थित गोशाला को अब नगर परिषद द्वारा शहर से बाहर जींद रोड पर शिफ्ट किया जा चुका है। यहां छह एकड़ में नप ने नई गोशाला बनाई है। इस गोशाला के बनने से शहर में अब गोवंश की समस्या भी धीरे-धीरे खत्म हो रही है।


