दौड़ तो एक बहाना है, नशा को दूर भगाना है..
मैराथन दौड़ का उद्देश्य नशे के प्रति आमजन को जागरूक करनाः एसपी राजेश कालिया..
हरियाणा/कैथल, 30 मार्च।ओलंपियन सागरदीप कौर स्पोर्ट्स एंड एजुकेशन ट्रस्ट चीका द्वारा रविवार सुबह डीएवी कॉलेज चीका में मैराथन दौड़ को आयोजन किया गया। मैराथन दौड़ में एसपी कैथल राजेश कालिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। दौड़ में युवाओं, बच्चों, बुजुर्ग व महिलाओं ने भाग लिया। मैराथन को डीएवी कॉलेज चीका से एसपी राजेश कालिया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन डीएवी कॉलेज से शुरू होकर राजकीय कन्या महाविद्यालय चीका होती हुई वापिस डीएवी कालेज पहुंची। इस दौरान एसपी राजेश कालिया द्वारा दौड़ तो एक बहाना है, नशे को दूर भगाना है के नारे भी लगवाए गए। एसपी ने कहा कि मैराथन का उद्देश्य नशे के प्रति आमजन को जागरूक करना है। पुलिस विभाग द्वारा नशे के विरुद्ध मुहिम चलाई गई हैं और सभी चाहते है कि हमारा राज्य हरियाणा नशे से मुक्त हो। नशा समाज को खोखला कर रहा है। हम सब की ये नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि हम सब नशे से दूर रहे और दूसरो को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करे। युवा वर्ग अपनी शक्ति खेल, पढ़ाई या अन्य कोई देश हित कार्य में लगाएं। युवा वर्ग देश का भविष्य है, जिनके आगे बढ़ने से ही देश आगे बढ़ेगा, परंतु उनको नशे से बचाने के लिए उनके अभिभावकों सहित पूरे समाज को जागरूक पडेगा। नशा शरीर के लिए जहां खतरनाक है, वहीं अपराध का भी मुख्य कारण है। अनेक युवा जो नशे में किसी कारणवश धंस जाते हैं और फिर उस नशे की पूर्ति के लिए कोई भी आपराधिक वारदात करने से नहीं हिचकिचाते। नशा मुक्त व अपराध मुक्त समाज की स्थापना के लिए हम सभी को मिलकर कदम उठाने होंगे। पुलिस मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर रही है। मगर लोगों में नशा के खिलाफ जागरूकता पैदा करने तथा इस अभियान की शत प्रतिशत सफलता के लिए जन सहयोग अति आवश्यक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा, खेलकुद तथा अन्य प्रतिस्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना चाहिए। प्रतिष्ठित व्यक्तियों की मार्फत युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशे के दुष्परिणामों बारे जागरूक करके समाज की मुख्यधारा में शामिल किया जा सकता है। छोटी उम्र से ही बच्चो को पढाई के साथ साथ खेलों के प्रति प्रोत्साहित करे ताकि बच्चा बड़ा होकर नशे की लत से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य को बनाए रखें और कामयाब बने। नशे के सौदागरों के नेटवर्क को कुचलने के लिए इसकी बिक्री, खपत और उपयोग संबंधी जानकारी पुलिस के साथ सांझा करें तथा इस प्रकार के अपराधियों को सलाखों पीछे पहुंचाने में सहयोग करें।



