सांसद नवीन जिंदल ने मुंदड़ी में निर्माणाधीन संस्कृत विश्वविद्यालय का किया दौरा..
इंडिया गौरव ब्यूरो कैथल, 12 मई । सांसद नवीन जिंदल ने गांव मूंदड़ी में निर्माणाधीन संस्कृत विश्वविद्यालय के स्थाई परिसर का दौरा किया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. संजय गोयल ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विश्वविद्यालय के स्थाई परिसर तक सुगम पहुंच के लिए करनाल-कैथल राष्ट्रीय राजमार्ग से विश्वविद्यालय को जोडऩे वाले मुख्य मार्ग के शीघ्र निर्माण के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिये कि विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार और प्रशासनिक भवनों सहित सभी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाए। साथ ही संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए जाएं कि कार्य की गुणवत्ता में कोई समझौता न किया जाए और समय-सीमा का भी कड़ाई से पालन हो। जिंदल ने कहा कि यह संस्कृत विश्वविद्यालय न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे भारत के लिए एक सांस्कृतिक और शैक्षणिक धरोहर सिद्ध होगा। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. संजय गोयल ने सांसद को जानकारी दी कि विश्वविद्यालय के शैक्षणिक भवन का कार्य पूरा करने के लिए अक्टूबर 2025 तक का समय निर्धारित किया गया है जिससे आगामी शैक्षणिक सत्र की शुरुआत विश्वविद्यालय के स्थायी परिसर में की जा सकेगी। उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से सांसद का आभार प्रकट किया और कहा कि उनके निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग से यह परियोजना समयबद्ध रूप से पूरी होगी। उन्होंने विश्वविद्यालय की भावी योजनाओं और अकादमिक विस्तार की भी जानकारी दी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, निर्माण कार्य से जुड़े इंजीनियर, एवं ग्रामीण नागरिक भी उपस्थित रहे।


