कैथल: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आरकेएसडी कॉलेज के महिला प्रकोष्ठ द्वारा गांव जांबा में नारी की पुकार नामक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। 21 छात्रों द्वारा प्रस्तुत इस नाटक में महिलाओं द्वारा अपने दैनिक जीवन में सामना की जाने वाली विभिन्न चुनौतियों को उजागर किया गया। इस कार्यक्रम में विधायक सतपाल जंबा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, गांव के सरपंच लाभ सिंह भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका प्रीति बंसल ने स्वागत भाषण दिया जबकि वरिष्ठ सदस्य डॉ. गीता गोयल ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद व्यक्त किया। ग्रामीण महिलाओं ने अपने व्यक्तिगत अनुभव और विचार सांझा किए। ग्रामीण महिलाओं ने महिला प्रकोष्ठ की टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया और गांव आकर महिलाओं से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया। डॉ. शिल्पी अग्रवाल, डॉ. ऋतु मुत्रेजा और भावना सिंधवानी ने छात्रों के साथ गांव का दौरा किया और उनकी तैयारी में मार्गदर्शन प्रदान किया। कॉलेज लौटने पर प्राचार्य डॉ. एसएस. महला ने छात्रों को बधाई दी और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।


