Monday, March 30, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeUncategorizedपुस्तकालयाध्यक्षों की नियुक्ति हेतू पुस्तकालय संघ ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

पुस्तकालयाध्यक्षों की नियुक्ति हेतू पुस्तकालय संघ ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

हरियाणा / कैथल, 30 मार्च। हरियाणा पुस्तकालय संघ ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपकर हरियाणा के सरकारी महाविद्यालयों, विद्यालयों और जन पुस्तकालयों में पुस्तकालय कर्मियों की तत्काल भर्ती की मांग की है। संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि हरियाणा के सरकारी महाविद्यालयों में पिछले 50 वर्षों से पुस्तकालयाध्यक्षों की सीधी भर्ती नहीं हुई है। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार द्वारा स्थापित विद्यालयों में भी पुस्तकालयाध्यक्षों की नियुक्ति प्रक्रिया वर्षों से लंबित है। उन्होंने बताया कि सरकारी संस्थानों में प्रतिवर्ष लाखों रुपयों की पुस्तकें खरीदी जाती हैं, परंतु उचित रखरखाव और योग्य पुस्तकालय कर्मियों के अभाव में इन पुस्तकालयों का लाभ विद्यार्थियों तक नहीं पहुंच पाता। संघ के सदस्यों ने चिंता व्यक्त की कि हरियाणा शिक्षा बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालयों में पुस्तकालयाध्यक्षों की नियुक्ति का कोई प्रावधान नहीं है जबकि केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, आरोही पब्लिक स्कूलों और सीबीएसई द्वारा मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों में प्रारंभिक स्तर से ही एक सुसंगठित पुस्तकालय, योग्य पुस्तकालयाध्यक्ष और अन्य पुस्तकालय कर्मचारियों की उपलब्धता अनिवार्य है। पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के क्षेत्र में बढ़ते बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रकाश डालते हुए संघ ने बताया कि बीलिब, एमलिब और नेट परीक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी रोजगार के अवसरों की कमी से जूझ रहे हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग ने इस क्षेत्र के योग्य उम्मीदवारों की अनदेखी करके उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। संघ के अध्यक्ष डॉ. रूपेश गौड़ और महासचिव डॉ. अजय कुमार अरोड़ा ने सीएम से आग्रह किया गया है कि वे प्रदेश के सभी पुस्तकालयों में योग्य पुस्तकालय कर्मियों की शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments