कहा : भ्रष्टाचार की शिकायत एंटी करप्शन के टोल फ्री नंबर 18001802022 पर करें..
इंडिया गौरव ब्यूरो 27 कैथल : एंटी करप्शन आर्गेनाईजेशन हरियाणा प्रभारी नरेश कुमार ने कहा कि दिनोंदिन निरंतर बढ़ रहे भ्रष्टाचार की रोकथाम व अंकुश लगाने के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। भ्रष्टाचार की शिकायत बिना किसी संकोच के सीधा एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 18001802022 पर करें। हरियाणा प्रभारी नरेश कुमार एंटी करप्शन आर्गेनाईजेशन राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.के. सुल्लर से मुख्यालय में आर्गेनाईजेशन की गतिविधियों व चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी साझा करने के साथ पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। एंटी करप्शन हरियाणा प्रभारी नरेश कुमार ने कहा कि जब तक हमें यह नहीं पता होगा कि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों व कर्मचारियों की शिकायत कहां करनी है, तब तक भ्रष्टाचार इसी प्रकार से पनपता रहेगा। भ्रष्टाचार के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एंटी करप्शन लगातार जागरूकता मुहिम चला रही है। जिसमें लोगों को एंटी करप्शन ब्यूरो के टोल फ्री नंबरों के बारे में जागरूक किया जाता है और बाकयादा सरकारी कार्यालयों के बाहर एंटी करप्शन के टोल फ्री नंबर अंकित भी करवाए गए है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की रफ्तार पर अगर लगाम लगाई जाती है तो भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों की जेबों में जाने वाली राशि विकास कार्यों पर खर्च हो सकती है। बातचीत करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष आर. के. सुल्लर ने कहा कि भ्रष्टाचार की शिकायत करने में जरा सा भी संकोच महसूस ना करें। अगर कहीं भी भ्रष्टाचार का माहौल लगता है तो एंटी करप्शन ब्यूरो के साथ हमें बताएं। भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले का पूरा साथ दिया जाएगा और भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को सलाखों के पीछे भिजवाने का काम करेंगे। एंटी करप्शन आर्गेनाईजेशन हरियाणा प्रभारी नरेश कुमार ने कहा कि हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार को मिटाने की दिशा में निरंतर सख्त कदम उठा रही है और एंटी करप्शन ब्यूरो टीम भ्रष्टाचारियों को रंगे हाथों दबोचकर सलाखों के पीछे डाल रही है। जिसके लिए एंटी करप्शन ब्यूरो टीम बधाई की पात्र है। एंटी करप्शन ब्यूरो टीम द्वारा भ्रष्टाचारियों को प्रदेश भर में दबोचने से भ्रष्टाचार में शामिल लोगों में हडक़ंप मचा हुआ है।


