दिल्ली: मुस्तफाबाद में एक बड़ा हादसा हो गया। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार तड़के मुस्तफाबाद इलाके में एक इमारत ढह गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चांदनी, दानिश, रेशमा और नावेद के रूप में हुई है। अभी भी कुछ लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। एनडीआरएफ, डॉग स्क्वाड, दिल्ली पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।स्थानीय लोग रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद कर रहे हैं। दिल्ली फायर सर्विस के एक कर्मी ने बताया कि हमें रात करीब 2:50 बजे एक मकान के ढहने की सूचना मिली। हम मौके पर पहुंचे तो पाया कि पूरी इमारत ढह गई है। लोग मलबे में फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ, दिल्ली अग्निशमन सेवा लोगों को बचाने के लिए काम कर रही है। फिलहाल 18 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। 14 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।