Saturday, December 6, 2025
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeहरियाणा प्रदेशविधायक सतपाल जांबा ने की मुख्यमंत्री नायब सैनी से भेंट...

विधायक सतपाल जांबा ने की मुख्यमंत्री नायब सैनी से भेंट…

 कहा : पूंडरी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

इंडिया गौरव ब्यूरो ढांड, 14 मई :  हलका पूंडरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल जांबा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चंडीगढ़ स्थित उनके निवास पर शिष्टाचार भेंट की। यह जानकारी देते हुए विधायक सतपाल जांबा ने बताया कि ये मुलाकात सौहार्द, आत्मीयता और सकारात्मक संवाद की मिसाल रही। क्षेत्र की जमीनी समस्याओं और जन अपेक्षाओं को मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तारपूर्वक रखा और विभिन्न विकास योजनाओं को लेकर सार्थक बातचीत की। विधायक सतपाल जांबा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक के दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, ग्रामीण सडक़ों के निर्माण एवं मरम्मत, किसानों को सिंचाई की सुविधाएं, जल आपूर्ति योजनाएं, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के लिए स्वरोजगार और कौशल विकास जैसे अहम विषयों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पूंडरी की जनता वर्षों से कुछ क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रही है। मेरा प्रयास है कि हर गांव, हर गली तक विकास पहुंचे और लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध हों। मुख्यमंत्री सैनी के समक्ष मैंने जनता की भावनाओं को पूरी ईमानदारी से रखा। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि सरकार पूंडरी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सतपाल जांबा ने कहा कि मुख्यमंत्री की आत्मीयता, संवेदनशीलता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता ने मुझे गहरी प्रेरणा दी है। इस भेंट से यह स्पष्ट है कि प्रदेश सरकार न केवल जनता की बात सुन रही है, बल्कि उसे क्रियान्वित करने की दिशा में भी ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि यह मुलाकात न केवल सौजन्य थी, बल्कि इसके माध्यम से पूंडरी की जनता की आवाज सीधे राज्य के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंची है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में पूंडरी क्षेत्र में कई विकास परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी, जिससे जन-जीवन में उल्लेखनीय सुधार होगा। विधायक ने कहा कि वे क्षेत्र की जनता के प्रति पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम करते रहेंगे और मुख्यमंत्री से प्राप्त सहयोग और मार्गदर्शन के बल पर पूंडरी को एक विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर क्षेत्र के रूप में स्थापित करने का संकल्प लेकर लौटे हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments