स्वास्थ्य विभाग की ओर से 25 मार्च तक चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान..
कैथल, 21 मार्च। सिविल सर्जन डा. रेणु चावला ने बताया कि गर्भवती व बच्चों को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा विशेष टीकाकरण सप्ताह चलाया जा रहा है। इस अभियान गर्भवती महिलाओं, पांच वर्ष तक के बच्चों तथा 10 से 18 वर्ष तक के किशोरों का टीकाकरण किया जा रहा है। बीस मार्च तक 142 सत्रों में 1285 बच्चों तथा 213 गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया है। यह अभियान 25 मार्च तक चलेगा।उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत 11 प्रकार की जानलेवा बीमारियों की रोकथाम के लिए यह टीकाकरण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य टी.बी, पोलियो, गल घोटू, काली खांसी, टिटनेस, हीमोफिलस इन्फ्लुएंजा टाइप, हेपेटाइटिस बी, रोटा वायरस यानी डायरिया, न्यूमोकोकल रोग एवं न्यूमोकोकल जनित निमोनिया, खसरा, जापानी एन्सेफेलाइटिस जैसी बीमारियों से लड़ना है। सिविल सर्जन डा. रेणू चावला ने बताया कि जागरूकता के अभाव में काफी गर्भवती महिलाएं व बच्चों को जरूरी टीके नहीं लग पाते। जिसकी वजह से ये जानलेवा बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। राष्ट्रीय टीकाकरण जिला कैथल की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं पर नि:शुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने जिला वासियों से आह्वान किया कि वे अपने नन्हे मुन्ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं को टीकाकरण करवाने के लिए जागरूक करें।

