कैथल: इंदिरा गांधी पीजी महिला महाविद्यालय में संस्कृत भारती हरियाणा प्रांत की जिला कैथल इकाई एवं महाविद्यालय के भारतीय ज्ञान प्रणाली प्रकोष्ठ के अंतर्गत संस्कृत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संस्कृत संभाषणम् विषय पर त्रिदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के प्रथम दिवस का उद्घाटन प्रबंधक समिति के प्रधान राम बहादुर खुरानिया द्वारा किया गया। कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि के रूप में संस्कृत भारती के जिला अध्यक्ष डॉ. बलराज ने शिरकत की। संस्कृत विभागाध्यक्ष एवं जिला महाविद्यालय संयोजक डॉ. सलिन्द्र आचार्य ने सभी विशिष्टजनों का कार्यशाला में पहुंचने पर अभिनंदन किया। तत्पश्चात कार्यशाला प्रशिक्षिका शीतल द्वारा गीत के माध्यम से संस्कृत विषय के बारे में जानकारी दी गई। कॉलेज के प्रधान राम बहादुर खुरानिया ने बताया कि संस्कृत अत्यंत वैज्ञानिक भाषा है जिसे अन्य देश के लोग भी सीखने के लिए उत्सुक है। कार्यशाला प्रशिक्षिका आशा द्वारा संभाषण दिया गया। उसके पश्चात महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा एकता मंत्र व कल्याण मंत्र उच्चारण के साथ कार्यशाला के प्रथम दिवस का समापन किया गया। इस मौके पर प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग व सांयकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर और संस्कृत भारती जिला मंत्री, जय भगवान शास्त्री, जिला सहमंत्री प्रवीण सिणन्द, जिला शिक्षण प्रमुख आचार्य दीपक सहित प्राध्यापक संदीप व कमलेश उपस्थित रहे।


