जिले को नशामुक्त बनाने के लिए मुस्तैदी व जिम्मेवारी से काम करें अधिकारी…
गांव में नशे के खिलाफ आयोजित की जाएं ग्राम सभा..
डीसी प्रीति ने जिला नारकोटिक्स समन्वय केंद्र एनकोर्ड की जिला स्तरीय बैठक में अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश..
कैथल, 18 मार्च: मंगलवार को डीसी प्रीति की अध्यक्षता में हुई जिला नारकोटिक्स समन्वय केंद्र एनकोर्ड की बैठक में नशीले पदार्थो की बिक्री, नशीलें पदार्थो की अवैध खेती, नशीली दवाइओं के दुरूपयोग के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने तथा एनडीपीएस से संबंधित लंबित केसों की समीक्षा की गई। डीसी ने अधिकारियों को विभाग से संबंधित सभी कार्यों को तत्परता से करने के निर्देश दिए और कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अधिकारी मुस्तैदी व जिम्मेवारी से काम करें। डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सड़कों, जंगलों, नहरों किनारे, खाली पड़ी जमीन में अपने आप उगने वाले नशीले पौधों को तुरंत नष्ट करवाएं। साथ ही फील्ड के कर्मचारियों की इस संबंध में निगरानी के लिए ड्यूटी लगाएं।डीसी प्रीति ने कहा कि सरकार व जिला प्रशासन नशा रोकने के लिए कृतसंकल्प है। हमें नशा मुक्त कैथल का निर्माण करने के लिए सभी को नशा के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। जिला में नशा करने वालों तथा बेचने वालों पर कड़ी निगरानी रखें और नियमानुसार कार्रवाई अलम में लाएं। अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित करके जिले के सभी स्कूल व कालेजों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। सभी बीडीपीओ गांव में नशे के खिलाफ ग्राम सभा आयोजित करें तथा विशेषरूप से युवाओं को शामिल कर उन्हें जागरूक करें। संबंधित विभागों के अधिकारी सुनिश्चित करें कि स्कूलों में युवाओं को जितनी संभव हो सके खेल किट उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।बैठक में चिन्हित अपराध के अंतर्गत आने वाले आपराधिक मामलों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि चिन्हित अपराध के मामलों में जिला न्यायवादी ट्रायल जल्द से जल्द पूर्ण करवाएं। सालों तक मामले लंबित न रहें। उन्होंने पुराने केसों व उनके ज्यादा लंबित रहने के कारणों की सूची बना कर पैरवी करने के निर्देश दिए। डीसी ने जिला ड्रग कंट्रोलर को निर्देश दिए कि वे नशीली दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए छापामार कार्रवाई तेज करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर ऐसी दुकानों को सीज किए जाने के साथ-साथ पुलिस में भी नियमानुसार कार्रवाई करवाने के निर्देश भी दिए।एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने कहा कि नशामुक्ति केंद्रों के संचालकों की जागरूकता कार्यक्रमों में भी सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ताकि नशामुक्ति को लेकर लोगों को जानकारी मिले और नशामुक्ति अभियान को आगे बढ़ाया जा सके। एसपी राजेश कालिया ने नशा मुक्त अभियान के तहत की गई गतिविधियों एवं विभिन्न एनडीपीएस के तहत दर्ज किए गए मामलों में की गई कार्रवाई के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कहीं से नशे के खिलाफ कोई शिकायत आती है तो तुरंत कार्रवाई करें। इस अवसर पर डीएमसी सुशील कुमार, कैथल एसडीएम अजय सिंह, गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, डीएसपी बीरभान, कुलदीप व ललित कुमार, डीडीपीओ कंवर दमन, सीएमओ रेणु चावला सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।


