शुगर मिल में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित..
कैथल, 26 मार्च। सहकारी चीनी मिल के प्रबन्ध निदेशक कृष्ण कुमार ने सभी कर्मचारियों व अधिकारियों का आह्वान किया है कि वे एक नियमित अन्तराल के पश्चात अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करवाएं, ताकि किसी भी बीमारी का प्रारंभ में पता चलने पर उसका उपचार हो सके।प्रबन्ध निदेशक कृष्ण कुमार बुधवार को चीनी मिल परिसर में हरियाणा सरकार के पैनल में शामिल सिग्नस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, कैथल के सौजन्य से आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ करने के पश्चात अपना संदेश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि आज हम अपनी दिनचर्या में इतने व्यस्त हो रहे हैं कि हम अपने स्वास्थ्य की और विशेष ध्यान नहीं देते और छोटी-मोटी बीमारी को नजर अंदाज कर देते हैं। यदि हम समय-समय पर अनुभवी चिकित्सकों से अपने स्वास्थ्य की जांच करवाते रहें तो किसी भी बीमारी को विकराल रूप धारण करने से पूर्व नियन्त्रित किया जा सकता है, उन्होनें कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवाई लें, अपने खान-पान का विशेष ध्यान रखें तथा उनके द्वारा दिए सुझाए गए डाइट चार्ट को अपनी दिनचर्या में शामिल करें व निरोगी रहें। सिग्नस सुपरस्पेशलिटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अमन नैन व डॉ. किरण बनवाला ने शिविर में लगभग 95 से अधिक कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की। इसके अतिरिक्त कुछ मेडिकल परीक्षणों के लिए खून के सैंपल भी लिए गए तथा नि:शुल्क दवाईयों का वितरण भी किया गया।इस मौके पर मिल के मुख्य अभियन्ता ए.ए.सिद्दकी, मुख्य रसायनविद् कमलकांत तिवारी, कार्यालय अधीक्षक, उप मुख्य अभियन्ता आमिर हुसैन जुबैरी, सेल मैनेजर जगदीश कासवान, मेडिकल स्टाफ से डॉ. गौरव, स्पैज सिंह, रवि कुमार, डॉ. रणबीर सिंह, सतपाल शर्मा, लवलेश कुमार, धर्मपाल, कृष्ण चन्द्र, पवन शर्मा, सतपाल सिंह, रामप्रसाद सहित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


