इंडिया गौरव ब्यूरो कैथल, 23 मई । डीसी प्रीति ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी सीएम विंडो, जन संवाद पोर्टल, समाधान शिविर में आई शिकायतों को गंभीरता से निपटाएं। यदि किसी शिकायत के पिटान में कोई कानूनी दिक्कत है या फिर ऐसी कोई समस्या है, जिसका उनके स्तर पर समाधान नहीं हो सकता तो उन्हें सूचित करें। शिकायत निपटान के लिए जो भी कदम उठाएं, इसके अनुसार एटीआर अपलोड करें। ताकि शिकायत का निपटान हो सके। इसके बावजूद भी शिकायत लंबित रहती है तो सीटीएम से मिलकर शिकायत का निपटान करवाएं। बैठक में अपने विभाग से संबंधित सभी शिकायतों की नवीनतम रिपोर्ट लेकर आएं।डीसी प्रीति लघु सचिवालय स्थित सभागार में शुक्रवार सुबह समाधान पोर्टल को लेकर व दोपहर बाद सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक को संबोधित कर रहीं थीं। डीसी ने कहा कि कोई भी विभाग शिकायत को अपने स्तर पर लंबित न रखें। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के पास उनके स्तर पर शिकायत लंबित पाई गई तो उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। अपने स्तर पर शिकायत निपटान कर एटीआर अपलोड करें। यदि वह शिकायत फिर भी लंबित में आती है तो फिर उसके समाधान के लिए सीटीएम से मिलें। ओवर ड्यू की बजाए, आवश्यक कार्रवाई करते हुए एटीआर अपलोड कर उस शिकायत को खत्म करें।डीसी ने सीटीएम गुरविंदर सिंह द्वारा सीएम विंडो व समाधान पोर्टल पर आई शिकायतों के निपटाने में की जा रही कड़ी मेहनत पर उनकी प्रशंसा करते हुए पीठ थपथपाई और सभी विभागाध्यक्षों को कहा कि वे लंबित शिकायतों को शून्य पर लेकर आएं। कैथल जिले में पिछले कुछ माह में सीएम विंडो के संबंध में आई शिकायतों के समाधान में तेजी आई है। जिसके लिए सीटीएम गुरविंद्र सिंह बधाई के पात्र हैं। इसके साथ-साथ राजस्व विभाग के अधिकारियों ने इस दिशा में सराहनीय कार्य किया है। कई तहसीलों में ओवर डयू शून्य है, जो उनकी मेहनत को दर्शाता है।
डीसी ने राजस्व व पंचायत विभाग की शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि निशानदेही, कब्जा कार्रवाई, जमाबंदी सहित जमीन से जुड़ी अन्य शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ताओं के संतुष्टि पत्र लेकर तुरंत शिकायतों का निवारण करवाएं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया शिकायत पोर्टल पर मुख्यमंत्री जी स्वयं नजर रखते हैं। जिले में ऐसी आठ शिकायतें हैं, जिन्हें जल्द से जल्द निपटाया जाए। डीसी ने ओवरव्यू शिकायतों पर संबंधित बीडीपीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदारों से एक-एक शिकायत को लेकर जानकारी ली। साथ ही उनके निपटान में आ रही दिक्कतों के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि यदि कोई ऐसी दिक्कत है कि शिकायत का फौरी तौर पर समाधान नहीं हो पा रहा है तो शिकायतकर्ता को इस बात की जानकारी दें। उन्हें शिकायत निपटान में आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दें। शिकायत निपटान में जो-जो कदम उठाए जाएं, उन्हें एटीआर पर लिया जाए। एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने जाति के सत्यापन के कार्य में तेजी लाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीआरओ चंद्रमोहन सिंह, डीआईओ दीपक खुराना, बीडीपीओ जगजीत सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


