तथ्यों पर आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए एक्शन टेकन रिपोर्ट, शिकायतकर्ता को बुलाकर करेें संतुष्ट..
डीसी ने सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों को लेकर की अधिकारियों के साथ बैठक, दिए आवश्यक दिशा निर्देश..
कैथल, 26 मार्च। सीएम विंडो तथा जन संवाद पोर्टल को लेकर बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीसी प्रीति ने अधिकारियों को लंबित शिकायतों के जल्द समाधान के निर्देश देने के साथ-साथ मूल मंत्र भी दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सीएम विंडो शिकायतों को गंभीरता से लें और उनका प्राथमिकता के साथ निपटाएं। शिकायतकर्ता को बुलाकर उसकी शिकायत को ध्यान से सुनें और उस पर नियमानुसार कार्रवाई कर उसे संतुष्ट किया जाए।डीसी प्रीति ने कहा कि सभी अधिकारी सीएम विंडो पोर्टल तथा जन संवाद पोर्टल को स्वयं हैंडल करें। हर रोज अपना पोर्टल चैक करें और समय पर एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड करें। एक्शन टेकन रिपोर्ट तथ्यों पर आधारित एवं गुणवतापूर्ण होनी चाहिए। कई शिकायतें ऐसी होती हैं, जिसमें एक से ज्यादा विभागों शामिल होते हैं। ऐसे मामलों में अधिकारी शिकायत को एक दूसरे के पास न भेज कर आपसी तालमेल के साथ ऐसी समस्याओं का समाधान करें। यदि कोई दिक्कत आती है तो उनसे आकर मिलें।डीसी प्रीति ने कहा कि अधिकतर शिकायतें गांव में निशानदेही से संबंधित आती हैं। सभी बीडीपीओ तहसीलदार कार्यालयों के साथ तालमेल बनाकर ऐसी शिकायतों जल्द से जल्द समाधान करें। निशानदेही के लिए संबंधित शिकायतकर्ता को पत्र जारी करके निर्धारित फीस भरवाएं। निशानदेही के लिए शेड्यूल तैयार करें और उसकी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में भिजवाना सुनिश्चित करें। अगर गांव में सरकारी भूमि पर कब्जा से संबंधित शिकायत है तो संबंधित गांव के सरपंच को नोटिस जारी करें और कब्जे का कारण जानकर उसे हटवाया जाए। इसके अलावा डीसी ने एक-एक करके सभी विभागों से सीएम विंडो पर लंबित शिकायतों के बारे में अपडेट लिया और समस्या समाधान में सुधार लाने के निर्देश दिए।इस अवसर पर कैथल एसडीएम अजय सिंह, कलायत एसडीएम अजय हुड्डा, गुहला एसडीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, जिला परिषद डिप्टी सीईओ रितु लाठर, डीडीपीओ कंवर दमन, डीआरओ चंद्रमोहन, डीआईओ दीपक खुराना, तहसीलदार रविंद्र हुड्डा, दिनेश ढिल्लो, नायब तहसलीदार अचिन, बंसी लाल, बीडीपीओ नेहा शर्मा, समिता, अन्नु तथा जगजीत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


