अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देने और आमजन में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के लिए चलाया जा रहा है हर घर तिरंगा अभियान
हर घर तिरंगा अभियान के तहत ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ग्योंग में किया गया राखी एवं रंगोली बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन
कैथल, 6 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पीएनबी बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान ग्योंग में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें तिरंगा राखी एवं रंगोली बनाओ तथा प्रश्नोतरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रशिक्षणार्थियों व आरोही स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने के साथ तिरंगे की गौरव गाथा भी सुनाई। विद्यार्थियों द्वारा एडीसी सहित अन्य अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी गई।
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने कहा कि आज हम भाई-बहनों के पवित्र रिश्ते का जश्न मना रहे हैं और इसके साथ ही, हम अपने देश की आन-बान शान तिरंगे का सम्मान भी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर अमर शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि देने और आमजन में देशभक्ति की भावना को प्रबल एवं मजबूत करने के लिए हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में सभी बढ़चढ़ कर भाग लें।
उन्होंने कहा कि आजादी की जंग में देश के लोगों, संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को याद करने की एक अनूठी पहल है। आज तिरंगा झंडे की धूम विश्व पटल पर छाई हुई है। हमारा नैतिक और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य है कि तिरंगा झंडे का पूरा सम्मान करें। हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा जरूर फहराएं। यह अभियान 15 अगस्त तक तीन चरणों में चलाया जा रहा है। जिसके तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
देशप्रेम और भाई-बहनों के प्यार का एक अद्भुत संगम
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई राखियों और रंगोली की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कला का उपयोग करके ऐसी राखियां बनाई, जो हमारे तिरंगे के रंग में रंगी हैं। यह प्रतियोगिता न केवल कला का प्रदर्शन है, बल्कि यह देशप्रेम और भाई-बहनों के प्यार का एक अद्भुत संगम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए पौधारोपण जरूरी
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने एक पेड़ मां के नाम अभियान पौधा रोपण किया और पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन हो रहा है, जिसकी वजह से अत्यधिक गर्मी और अत्यधिक सर्दी का सामना करना पड़ता है। इसलिए पर्यावरण को संतुलित रखने के लिए पौधा रोपण करना बहुत जरूर है। पर्यावरण अच्छा होगा तो हम बीमार नहीं पड़ेंगे। सभी विद्यार्थी अपनी अपनी मां जो हमें पैदा करती हैं और हमारी परवरिश करती हैं उनके सम्मान में पौधे जरूर लगाएं। इस अवसर पर एलडीएम एसके नंदा, मुख्य प्रबंधक मैन ब्रांच कैथल अनिल रहेजा, सहायक सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अमित कौशिक, प्रवेश मोर, जितेंद्र, पुष्पा, रवि व विनय सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

