नई दिल्ली, 19 अक्टूबर । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को कश्मीरी गेट स्थित यमुना
नदी के वासुदेव घाट पहुंचकर छठ महापर्व की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थल
पर चल रहे सफाई, समतलीकरण, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों
की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार छठ पर्व को पहले से कहीं अधिक भव्य, सुरक्षित और
व्यवस्थित रूप में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ इस निरीक्षण में दिल्ली सरकार के
विकास व पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि यमुना का
जल पहले से अधिक स्वच्छ और निर्मल हो गया है। इसमें झाग या अन्य प्रकार के प्रदूषण की कोई
समस्या नहीं है। यमुना के विभिन्न घाटों की सफाई और समतलीकरण के लिए जेसीबी मशीनों द्वारा
निरंतर कार्य किया जा रहा है। दिल्ली सरकार के सभी मंत्री, भाजपा विधायक और अधिकारी स्वयं
मैदान में उतरकर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सरकार पल्ला से कालिंदी कुंज तक सभी घाटों
पर सफाई, समतलीकरण और स्वच्छता के कार्य युद्धस्तर पर कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि
जिस प्रकार कांवड़ यात्रा, रामलीला, दुर्गा पूजा और दीवाली जैसे आयोजन भव्य रूप से हुए हैं। इसी
तरह इस बार छठ पर्व पर भी दिल्लीवासी ‘बदली हुई दिल्ली का अनुभव करेंगे।

