ढांड, 16 अगस्त । चौ. ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय, ढांड-डडवाना, कैथल में महाविद्यालय कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष चौधरी तेजवीर सिंह पूर्व विधायक पुंडरी के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस समारोह बड़ी धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया गया और देश की स्वतंत्रता
के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। तत्पश्चात संस्था के संस्थापक स्वर्गीय चौ. ईश्वर सिंह को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और उनके योगदान को भावपूर्ण स्मरण किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और
नृत्यों के साथ दर्शकों का मन मोह लिया। उन्होंने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, एकता और राष्ट्रप्रेम को प्रदर्शित किया। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए छात्राओं ने कई प्रसिद्ध देशभक्ति गीतों पर नृत्य एवं गायन किया। सारे जहां से अच्छा, वन्दे मातरम्,और भारत माता की
जय जैसे गीतों ने सबको एकता और राष्ट्रीयता की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। इन गीतों के प्रदर्शन व नृत्य से छात्राओं की भावनाओं की गहराई और उनके देश प्रेम को साफ महसूस किया जा सकता था। इसके अलावा, छात्राओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता संग्राम की महत्वता पर चर्चा की और देश के उज्जवल भविष्य के लिए अपने कर्तव्यों का
पालन करने का संकल्प लिया। समारोह के अंत में प्राचार्या डॉ. संगीता शर्मा द्वारा छात्राओं को स्वतंत्रता संग्राम के संघर्षों और बलिदानों के बारे में और अधिक जानकारी प्रदान करते हुए उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने यह भी कहा, हमारा देश तभी प्रगति कर सकता है जब हम सब मिलकर इसके विकास में योगदान दें।

