ढांड, 30 सितंबर। भाजपा ढांड मंडल अध्यक्ष एवं ढांड मार्कीट कमेटी के चेयरमैन विजेंद्र मैहला जडौला ने किसानों को आश्वस्त किया कि नायब सरकार द्वारा सभी किसानों की समस्याओं का समाधान पूरी ईमानदारी और निष्ठा से किया जाएगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किसानों की उपज का उचित मूल्य दिलाने और एक-एक दाना समर्थन
मूल्य पर खरीदने का संकल्प लिया गया है। यह हरियाणा के किसानों को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। चेयरमैन विजेंद्र मैहला नई अनाज मंडी ढांड में अपने प्रतिष्ठान पर किसानों व भाजपा कार्यकर्ताओं से रूबरू हो रहे थे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विजेंद्र मैहला को ढांड मार्कीट कमेटी
का चेयरमैन बनने पर बधाई दी और किसानों ने भी सरकार की नीतियों पर संतोष व्यक्त किया और भरोसा जताया कि उनके हित सुरक्षित हैं। चेयरमैन विजेंद्र मैहला ने कहा कि भाजपा सरकार किसान हितों के लिए समर्पित है और मंडी में पारदर्शिता के साथ खरीद प्रक्रिया चलाई जा रही है। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंडल
स्तर पर विशेष निगरानी की जा रही है। भाजपा नेता विजेंद्र मैहला ने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार मंडी में किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करने देगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा एक-एक दाना खरीदने का संकल्प किया गया है। पारदर्शी खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है। मंडी में आने वाले हर किसान की समस्या हमारी
प्राथमिकता है। हम पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य कर रहे हैं ताकि किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में परेशानी न हो। भाजपा सरकार किसानों के साथ खड़ी है और प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा यह स्पष्ट रूप से
कहा गया है कि किसानों की उपज का उचित मूल्य मिलेगा और मंडी में आए हर एक दाने की खरीद की जाएगी। इस मौके पर भाजपा ढांड मंडल उपाध्यक्ष एवं पूर्व सरपंच कृष श्योकंद सहित कई अन्य किसान व कार्यकर्ता मौजूद थे।

