कहा : बिजली दरों में वृद्धि कर सरकार ने उद्योग को भारी चोट मारी
कैथल, 30 जुलाई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सुल्तान सिंह जडौला ने कहा कि बीजेपी की हरियाणा विरोधी नीतियों के चलते प्रदेश से लगातार उद्योग पलायन कर रहे हैं। पिछले दिनों खबर आई थी कि यमुनानगर का प्लाईवुड व बर्तन उद्योग और पानीपत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री बंद होने की कगार पर हैं। उन्होंने कहा कि अब ताजा रिपोर्ट से पता चला है कि पिछले 3 साल में हरियाणा की 100 से ज्यादा चावल मिलें भी मध्य प्रदेश में शिफ्ट हो चुकी हैं। कृषि आधारित अर्थव्यवस्था वाली प्रदेश के लिए यह ना सिर्फ झटका है,
क्योंकि इससे, हर साल प्रदेश को 100 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होगा। साथ ही हर साल 20 से 25 हजार लोगों का रोजगार भी छिन जाएगा। नई अनाज मंडी ढांड में बातचीत करते हुए कांग्रेसी नेता सुल्तान जडौला ने कहा कि 3 साल मे प्रदेश के विभिन्न जिलों से 100 से ज्यादा राइस मिल मध्य प्रदेश पलायन कर चुकी हैं। 30 से 40 कारोबारियों ने मध्य प्रदेश में नए राइस मिल और गोदाम बनाने के लिए जमीन भी खरीद ली है। क्योंकि बार-बार मांग किए जाने के बावजूद बीजेपी सरकार ने मार्केट फीस कम नहीं की। उन्होंने कहा
कि हरियाणा में चावल उद्योग पर 4 प्रतिशत मार्केट फीस लगती है, जबकि मध्य प्रदेश में ये सिर्फ 1.20 प्रतिशत है। इतना ही नहीं, हरियाणा की बीजेपी सरकार ने बिजली की दरों में भी बेताहाशा बढोत्तरी करके, उद्योग को भारी चोट मारी है। पूर्व विधायक सुल्तान सिंह जडौला ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान धान के किसानों को देश में सबसे ज्यादा रेट
मिलता था। इसलिए किसान खुशी से नारा लगाते थे- कांग्रेस तेरे राज में, जीरी गई जहाज में। इसके चलते प्रदेश के किसानों ने जमकर मेहनत की और देश के चावल निर्यात में हरियाणा की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत तक पहुंच गई। लेकिन बीजेपी की हरियाणा व किसान विरोधी नीतियों के चलते अब ये हिस्सेदारी बमुश्किल 40 प्रतिशत ही रह गई है।

