फरीदाबाद, 01 अगस्त। म्युनिस्पिल कारपोरेशन इंप्लॉइज फैडरेशन, फरीदाबाद प्रधान पद
का चुनाव शुक्रवार को यहां नगर निगम मुख्यालय के प्रांगण में सम्पन्न हुआ। चुनाव में रमेश कुमार
जागलान चौथी बार प्रधान चुने गए। उन्होंने अपने प्रतिद्वन्दी उम्मीदवार अतर सिंह भड़ाना को हरा
कर यह जीत हासिल की। फैडरेशन के संस्थापक महासचिव रतन लाल रोहिल्ला की देखरेख में
रिटायर्ड कर्मचारी संघ एम.सी.एफ. के प्रधान शाहाबीर खान, फैडरेशन के नेता रण सिंह भड़ाना व
दशरथ कुमार रेढ़ू आदि नेताओं की चुनाव कमेटी ने यह मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई। फैडरेशन से
संबधित कार्यालय कर्मचारी यूनियन, उद्यान विभाग कर्मचारी यूनियन, माली यूनियन व वाहन चालक
यूनियन के निर्वाचक मंडल ने गुप्त मतदान से यह निर्वाचन किया। रोहिल्ला सहित अन्य सभी
नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न होने पर निगम के कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर निगम के सैंकड़ों कर्मचारियों ने नव निर्वाचित प्रधान रमेश कुमार जागलान को
शुभकामनायें और बधाई देते हुए उम्मीद जाहिर की है कि वह कर्मचारियों की उम्मीदों पर निश्चित
तौर से खरे उतरेंगे। उधर निर्वाचित प्रधान रमेश कुमार जागलान ने नगर निगम के हजारों
कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि निगम कर्मचारियों की व्यापक एकता
कायम करते हुए न केवल कर्मियों की समस्याओं के निवारण के लिए संघर्ष करेंगे, बल्कि सांझी मांगों
के लिए प्रदेश के कर्मचारी संगठनों के द्वारा किए जाने वाले हर संघर्ष की मजबूती के लिए काम
करेंगे। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि निगम के आर्थिक तंत्र को मजबूत करने के लिए भी उनकी
यूनियन प्रशासन को समुचित सुझाव देगी, जिससे कि नागरिकों व कर्मचारियों को राहत मिल सके।

