गुरुग्राम, 25 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर
निगम गुरुग्राम ने इस मानसून सत्र में चार लाख झाड़ीनुमा पौधे तथा 40,000 बड़े पेड़ लगाने के
लक्ष्य तहत शुक्रवार को सेक्टर-15 पार्ट-2 स्थित सिटीजन पार्क में एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का
आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त जयवीर यादव, निगम पार्षद पवन सैनी तथा भाजपा
नेता तिलक राज मल्होत्रा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर पौधे रोपे और
पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। संयुक्त आयुक्त जयवीर यादव ने कहा कि पर्यावरण
संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पौधारोपण जैसे
अभियान हमें स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की ओर ले जाते हैं। नगर निगम द्वारा यह
अभियान केवल पार्कों तक सीमित नहीं है। निगम की टीमें ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों, सडक़ किनारे तथा अन्य
सार्वजनिक स्थलों पर भी पौधे लगाने का कार्य कर रही हैं। इस कार्य में स्थानीय निवासी, सामाजिक
संस्थाएं तथा स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थी भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
निगम पार्षद पवन सैनी ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ पौधे लगाना नहीं, बल्कि
उनकी देखभाल सुनिश्चित कर उन्हें विकसित करना भी है। सभी नागरिकों से आग्रह है कि वे लगाए
गए पौधों को अपनाएं और उनकी नियमित देखभाल करें। भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा ने कहा
कि हरित गुरुग्राम के सपने को साकार करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। यह अभियान
आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।

