पुलिस ने इस मामले में दो आरोपी किए काबू
गुरुग्राम, 31 जनवरी । शराब के ठेके में घुसकर नकली पिस्टल दिखाकर जान से मारने की
धमकी देने, मारपीट व गाली-गलौच करने के दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। पुलिस ने आरोपियों
के पास से वारदात में प्रयोग की गई एक कार व एक पिस्लनुमा लाइटर बरामद किया है। पुलिस
प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपियों के खिलाफ बजघेड़ा पुलिस थाना में केस
दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार 29 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना बजघेड़ा की पुलिस टीम को
एक शिकायत दी थी। शिकायत में कहा था कि वह टाइम्स ऑफ वाइन नामक शराब के ठेके पर
ऑपरेटर के रूप में कार्यरत है। 27 जनवरी 2026 को एक गाड़ी में सवार होकर तीन युवक ठेके पर
आए और शराब व बीयर की बोतलें खरीदीं। भुगतान के समय उन्होंने शराब पर डिस्काउंट की मांग
की। जब इसने डिस्काउंट के लिए ठेकेदार से बात कराने की बात कही तो उन्होंने ठेके के स्टाफ पर
ही डिस्काउंट देने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान उनमें से एक युवक ने स्वयं को
ठेकेदार बताते हुए उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करनी शुरू कर दी। कहने लगे वे डिस्काउंट
लेकर ही जाएंगे। फिर उनमें से एक युवक गाड़ी से एक गन लेकर ठेके के अंदर घुसने लगा तो उसने
आत्मरक्षा में डंडे का प्रयोग किया। इसके बाद उन्होंने दोबारा ठेके के कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
शराब के स्थान पर बीयर की बोतलों की मांग करते हुए फिर से डिस्काउंट को लेकर झगड़ा किया।
उन्होंने बीयर की बोतलों का भुगतान तो कर दिया, लेकिन पिस्टल दिखाकर जान से मारने की
धमकी देते हुए चले गए। इस शिकायत पर पुलिस थाना बजघेड़ा में केस दर्ज किया गया।
पुलिस थाना बजघेड़ा की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को
शुक्रवार को दिल्ली से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंवर सिंह नगर नांगलोई
दिल्ली हर्ष (उम्र-27 वर्ष) व अक्षित (उम्र-24 वर्ष) दोनों निवासी के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में अपने एक दोस्त के
जन्मदिन की पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी में शराब कम पडऩे के कारण ये शराब खरीदने के लिए
इस ठेके पर आए थे। शराब पर डिस्काउंट को लेकर ठेके के कर्मचारियों से कहासुनी होने पर इन्होंने
मारपीट व धमकी देने की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी हर्ष नोएडा की एक निजी कंपनी में काम
करता है, जबकि आरोपी अक्षित दिल्ली में ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है।

