गुरुग्राम, 31 जनवरी । हथियार की तलाश में आरोपी युवक को लेकर अरावली क्षेत्र में गई
पुलिस पर आरोपी ने छिपाए हुए हथियार से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में युवक
पर फायरिंग की तो गोली उसके पांव में जा लगी। उसे काबू करके पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच
अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि आरोपी युवक
द्वारा चलाई गई गोली एएसआई की बुलेटपु्रफ जैकेट पर लगी।
बता दें कि पुराने झगड़े की रंजिश रखते हुए फोन पर जान से मारने की धमकी देकर फिर घर पर
फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को तीन आरोपी गिरफ्तार किए थे। आरोपियों ने
गुरुग्राम में चार स्थानों घामड़ोज टोल प्लाजा, कादरपुर गांव निवासी राहुल, रोहित व गोकुल के घर
पर फायरिंग की थी। आरोपियों को पुलिस ने काबू किया था। अदालत में पेशी के बाद एक आरोपी से
हथियार बरामद करने के लिए मौके पर लेकर गई पुलिस पर ही आरोपी ने हथियार निकालकर
फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जो युवक के पैर में लगी। आरोपियों
की पहचान गांव कादरपुर निवासी विनय (उम्र 26 वर्ष), बॉबी (उम्र 25 वर्ष), पवन (उम्र 27 वर्ष) के
रूप में हुई थी। विनय, बॉबी व पवन को शुक्रवार को अदालत में पेश करके वारदात में प्रयोग किए
गए हथियारों को बरामद करने के लिए रिमांड पर लिया गया था।
पुलिस टीम शुक्रवार की देर रात को आरोपी विनय को हथियार बरामद करने के लिए गांव पुराना
बहरामपुर के क्षेत्र में पहाड़ी वाले रास्ते की तरफ लेकर गई थी। वहां पर आरोपी विनय द्वारा लोडिड
हथियार छुपाया गया था। आरोपी विनय ने वहां छुपाए गए हथियार से को निकाला और पुलिस टीम
पर फायरिंग कर दी। इस दौरान गोली पुलिस टीम में शामिल एएसआई मनमोहन द्वारा पहनी गई
बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में वार्निंग फायर के बाद चलाई गई एक गोली आरोपी
विनय के दाएं पैर में गोली लगी है। दूसरे आरोपी बॉबी को भी बरामदगी करने के लिए भौंडसी ले
जाया गया था। पुलिस की गिरफ्त से आरोपी बॉबी द्वारा भी भागने की कोशिश की गई। भागने के
दौरान बॉबी गिर गया, गिरने के कारण उसके पैर में चोट लगी। दोनों आरोपियों को पुलिस टीम
द्वारा घायल अवस्था में अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

