पंचकूला में मुख्यमंत्री सैनी ने सुना मन की बात- मुख्यमंत्री ने पंच कमल के प्रांगण में रूद्राक्ष का
पौधा लगाया
चंडीगढ़, 27 जुलाई । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि सीईटी को
संपन्न करवाने के लिए हरियाणा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने टीम के रूप में कार्य किया
है। इसलिए यह आयोजन पर्व का रूप बन गया है। मुख्यमंत्री ने यह बात रविवार को पंचकूला में
पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंचकूला स्थित पंचकमल में
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के लिए पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हर महीने के अंतिम रविवार को मन की बात कार्यक्रम
के माध्यम से देश की प्रतिभाओं (ऐसे व्यक्तित्व जिन्होंने समाज और देश के लिए अच्छा काम किया
है) और संस्कृति आदि के संबंध में देशवासियों को अवगत करवाते हैं। इससे देश को प्ररेणा मिलती
है। मन की बात का कार्यक्रम ज्ञानवर्धक है।
सीईटी के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने ऐसी व्यवस्थाएं की जिससे अभ्यर्थियों को कोई
दिक्कत न आए और वे खुशनुमा माहौल में परीक्षा दें। उन्होने कहा कि चाहे प्रशासनिक अधिकारी हों,
पुलिस या रोडवेज विभाग के अधिकारी व कर्मचारी हों, सभी ने एक टीम के रूप में काम किया।
इसके अलावा अभ्यर्थियों के अभिभावकों और अन्य लोगों ने भी कई स्थानों पर छबीलें लगाई। इस
बार सीईटी को हरियाणा ने एक पर्व बना दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण
अत्रे सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने लगाया रूद्राक्ष का पौधा
मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान
के तहत भाजपा प्रदेश कार्यालय पंच कमल के प्रांगण में रूदाक्ष का पौधा लगाया। इस मौके पर
उन्होंने संदेश दिया कि हमें पर्यावरण के संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी लोग हर शुभ
अवसर पर पेड़ पौधे लगाने का संकल्प लें और खुद भी पौधा रोपण करें और दूसरों से भी कराएं।

