इस्कॉन प्रचार समिति कैथल द्वारा श्रीमद् भागवत कथा जारी
कैथल । इस्कॉन प्रचार समिति कैथल द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन कथा व्यास श्रीमन साक्षी गोपाल दास ने बताया कि श्रीला प्रभुपाद ने इस्कॉन के प्रत्येक मंदिर में श्रीमद् भागवत गीता की 1 घंटे की क्लास को अनिवार्य कर दिया। तब उन्होंने ने उदाहरण देकर समझते हुए कहा कि हमारे शरीर के लिए ऑक्सीजन क्यों जरूरी है। यदि हमें ऑक्सीजन नहीं मिलेगी तो हमारा श्वास चलने वाला नहीं है। इसलिए ऑक्सीजन हमारे शरीर के लिए जरूरी है। लेकिन भगवान का नाम, भगवान की कथा का रसपान हमारी आत्मा की खुराक है।
इसके बिना हमारी आत्मा चलने वाली नहीं है। श्रीमद् भागवतम् के 10वें स्कंद में महाराज परीक्षित अपने गुरुदेव शुकदेव गोस्वामी से प्रार्थना करते हैं कि हे गुरुदेव मैं अपने इष्ट भगवान श्री कृष्ण के जन्म की लीला सुनना चाहता हूं। मैं उनके गोकुल, मथुरा और द्वारिका की लीला सुनना चाहता हूं। श्रीमद भगवतम के नवमी स्कंध में श्री शुकदेव गोस्वामी जी ने सूर्यवंश और चंद्रवंश के राजाओं का विस्तार से वर्णन किया। जब चंद्रवंश के राजाओं का वर्णन कर रहे थे तो केवल दो ही श्लोक में भगवान श्री कृष्ण के चरित्र को सुना कर कथा को विराम दे दिया।
हे महाराज परीक्षित! भगवान श्री कृष्ण मथुरा में कंस की जेल में देवकी और वासुदेव को निमित्त बनाकर जन्म लेते हैं। वहां से भगवान वासुदेव के द्वारा गोकुल में यमुना पार करके चले जाते हैं। गोकुल में नंद महाराज और यशोदा मैया के द्वारा उनका पालन पोषण हुआ। भगवान ने गोकुल में पूतना, शकटासुर, कालिया, बकासुर आदि कई असुरों का वध किया। फिर भगवान अक्रूर जी के साथ मथुरा चले गए और वहां उन्होंने कंस का वध किया। कुछ वर्ष मथुरा रहने के पश्चात भगवान द्वारिका चले गए। वहां प्रभु ने 16108 रानियों से विवाह किया। एक एक रानी से 10 पुत्र व 1 पुत्री उत्पन्न हुई।
मौके पर मनाया श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव
प्रेस सचिव भारत मदान ने बताया कि कथा के पंचम दिवस पर हर वर्ष की भांति भगवान श्री कृष्ण की जन्माष्टमी महोत्सव को बहुत ही धूमधाम के साथ मनाया गया। कथा में मुख्य अतिथि के रूप में आए विधायक सतपाल जाम्बा, मनदीप सिंह वरिष्ठ एडवोकेट, यूनिक चौधरी, नीरज मक्कड़ ने ज्योति प्रचंड कर कथा व्यास जी को पुष्प माला से सम्मानित किया। पंडाल में रमेश सचदेवा खाद वाले, अमरजीत छाबड़ा प्रमुख समाज सेवी, रिंकू सैनी जिलाध्यक्ष सैनी समाज, संदीप गोयल ने भी आकर प्रभु से आशीर्वाद प्राप्त किया। समिति के प्रधान दीपक अग्रवाल, राज गुलाटी, आशीष गर्ग, राम निवास, अमित गर्ग, सुमित ओबराय, संजय वाही, नीरज गर्ग, बलविंदर, रमेश सहित सभी सदस्य मौजूद थे।

