रायगढ़ 10 मार्च (वेब वार्ता)। महिला के फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में तमनार पुलिस ने
ब्लैकमेलिंग करने वाले आराेपित को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि गांव का एक युवक
महिला को ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर ब्लैकमेल कर रहा था, जिससे प्रताड़ित होकर महिला ने
आत्मघाती कदम उठा लिया।
तमनार पुलिस ने आज मंगलवार काे जानकारी देते हुए बताया कि मृतिका (उम्र 26 वर्ष) निवासी ग्राम
सेमीजोर ने बीते 6 फरवरी की दोपहर अपने घर के रसोई में गमछा से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली
थी। घटना के बाद परिजनों ने महिला को जीवित समझकर फोर्टिस अस्पताल उर्जानगर तमनार लेकर
गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। तमनार पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर
पंचनामा कार्यवाही, घटनास्थल निरीक्षण तथा शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मर्ग जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने पुलिस को मृतिका द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट तथा
मोबाइल में सुरक्षित एक ऑडियो रिकॉर्डिंग प्रस्तुत की। सुसाइड नोट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर
यह सामने आया कि गांव का महेन्द्र गुप्ता मृतिका और एक युवक के बीच हुई बातचीत की ऑडियो
रिकॉर्डिंग अपने पास रखकर महिला को गलत कार्यों के लिए दबाव बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था। इस
लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर
ली।
मामले में महिला को आत्महत्या के लिए उत्प्रेरित किए जाने का अपराध पाए जाने पर थाना प्रभारी
तमनार निरीक्षक प्रशांत राव आहेर ने वरिष्ठ अधिकारियों के घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस
ने 9 मार्च को थाना तमनार में अपराध क्रमांक 51/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर
आराेपित महेन्द्र गुप्ता पिता राजकुमार गुप्ता (31 वर्ष) निवासी ग्राम सेमीजोर थाना तमनार को गिरफ्तार
किया गया । आराेपित के कब्जे से विवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपित को
न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

