दो तस्करों से 163 किलो 755 ग्राम डोडा पोस्त बरामद.बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये
कैथल, 25 सितंबर । स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को दबोचकर उनके कब्जे से 163 किलो 755 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बरामद नशीले पदार्थ की बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। एसपी उपासना ने आज
पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 24 सितंबर की रात एसडीयू टीम गांव नरड़ एनएच-152 पुल के नीचे गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास खड़ा एक बंद बॉडी कंटेनर ट्रक संदिग्ध है, जिसमें नशे की
खेप छुपाई गई है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने तत्काल छापेमारी की और मौके से दो व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान गांव मंडवाल निवासी राजविंद्र सिंह उर्फ राजा और कश्मीरा सिंह के रूप में हुई है। जब ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें रखे 10 प्लास्टिक कट्टों से कुल 163 किलो 755 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। जांच में
सामने आया कि आरोपी पुणे (महाराष्ट्र) से 30 फ्रिज लादकर लुधियाना पंजाब ले जा रहे थे और रास्ते में मध्यप्रदेश से नशीला पदार्थ खरीदकर उसे ट्रक में छुपा लिया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना तितरम में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। ट्रक को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप किसे और कहां सप्लाई की जानी थी। एसपी उपासना ने कहा कि पुलिस नशा तस्करी की हर कड़ी को तोडऩे के लिए प्रतिबद्ध है।

