कैथल, 25 सितंबर । जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल कैथल में राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस स्थापना दिवस पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला संयोजक विजेंद्र कुमार ने किया। उन्होंने स्वयं सेवकों को शुभकामनाएं देते हुए एनएसएस की स्थापना, उद्देश्य एवं सामाजिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि
एनएसएस युवाओं को केवल शिक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें स्वच्छता अभियान, सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्र सेवा और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यों से जोड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे जनकल्याणकारी गतिविधियों में बढ़-चढक़र भाग लें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आएं। जिला संयोजक ने एनएसएस से जुड़े विभिन्न
जिला स्तरीय, राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय स्तर और एडवेंचर शिविरों की विस्तृत जानकारी भी साझा की। विद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों सुनील कुमार एवं पूनम ने जिला संयोजक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन स्वयंसेवकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस संगोष्ठी से छात्रों में सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता
का विकास होगा। विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने भी इस अवसर पर सभी स्वयंसेवकों और अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं में समर्पण और सेवा भाव ही सच्चे अर्थों में राष्ट्र सेवा है। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ समाजहित के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में
विद्यालय के शिक्षकों कर्मवीर कुंडू, जसवंत सिंह, सुरेश कुमार, मीना रानी, अनीता देवी सहित अन्य स्टाफ सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा।

