कैथल। गांव ग्योंग में धान के अवशेष जलाने की सूचना पर पहुंचे कृषि विभाग के अधिकारियों और पटवारी पर किसानों ने हमला कर दिया। हमले में कृषि विभाग के एडीओ राजबीर और ट्रेनी पटवारी राहुल घायल हो गए। दोनों को बाजू में चोटें आई हैं और फिलहाल नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है। कृषि विभाग प्रबंधक राजबीर की शिकायत पर गांव ग्योंग
निवासी सोहन, रमेश और एक अन्य युवक के खिलाफ सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार एडीओ राजबीर, पटवारी यशपाल और ट्रेनी पटवारी राहुल सूचना मिलने पर खेतों में पहुंचे थे, जहां किसानों ने अवशेषों में आग लगाई हुई थी। एडीओ ने किसानों को पराली न जलाने की सलाह दी। इसी दौरान जब पटवारी ने किसानों
से किला नंबर पूछा तो वे तैश में आ गए और डंडों से हमला कर दिया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना के बाद पटवारियों का प्रतिनिधिमंडल एसडीएम अजय कुमार से मिला और पूरी स्थिति से अवगत करवाया। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं, पटवार एवं
कानूनगो एसोसिएशन के जिला प्रधान सुरेंद्र खटकड़ ने मांग की कि इस तरह की कार्रवाई के दौरान टीम के साथ पुलिस फोर्स भी मौजूद हो। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आगे से सुरक्षा बल साथ भेजे जाएंगे।
गांव ग्योंग में कृषि विभाग की टीम से मारपीट के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
-पीएसआई सनेष कुमार, सदर थाना प्रभारी

