कैथल । पुलिस ने अलग-अलग दो मामलों में महिला सहित दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल दो किलो 830 ग्राम गांजा और 524 ग्राम अफीम बरामद हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पहले मामले में एंटी नारकोटिक सेल के एएसआई नरेंद्र सिंह की टीम उरलाना घग्गर पुल पर गश्त कर रही थी। उन्हें सूचना मिली कि गांव
कच्ची पिसोल निवासी पवन कुमार पंजाब से अफीम लेकर अपने गांव जा रहा है। नाकाबंदी कर पवन को बाइक पर ही पकड़ लिया गया। मौके पर पहुंचे ईटीओ कैथल कंचन पांडे की मौजूदगी में तलाशी लेने पर 524 ग्राम अफीम बरामद हुई। पवन के खिलाफ गुहला थाना में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरे मामले में एंटी व्हीकल थेफ्ट
स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की टीम को सूचना मिली कि कैथल निवासी सुनीता देवी गांजा बेच रही है। टीम ने सिरटा रोड, गली नंबर 2 में दबिश देकर सुनीता को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से दो किलो 830 ग्राम गांजा बरामद हुआ। उसके खिलाफ शहर थाना में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

