कैथल, 21 अक्तूबर। सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में हारट्रोन द्वारा युवाओं को तकनीकी शिक्षा के लिए खोले जा रहे एडवांस स्किल सेंटर रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। ऐसे एडवांस सेंटर जहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी सहित कई तरह के कंप्यूटर के अत्याधुनिक कोर्स
करवाए जा रहे हैं। इन कोर्स को करने के बाद युवाओं को रोजगार भी मिल रहा है। अब हारट्रोन द्वारा विदेशों में भी सेंटर खोलने की योजना है, जो सराहनीय कार्य है। इसके लिए वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित पूरी हारट्रोन मैनेजमेंट को बधाई देते हैं और उनका आभार प्रकट करते हैं।
सांसद नवीन जिंदल मंगलवार को अंबाला रोड स्थित हारट्रोन के एडवांस स्किल सेंटर का दौरा करने पहुंचे थे। जहां पहुंचने पर सेंटर हेड बलविंद्र ढुल व पंकज आत्रेय ने सांसद नवीन जिंदल, भाजपा जिला अध्यक्षा ज्योति सैनी व पूंडरी से विधायक सतपाल जांबा का स्वागत किया। इसके बाद सांसद नवीन जिंदल ने सेंटर का निरीक्षण करते हुए कंप्यूटर लैब व स्मार्ट
कक्षा कक्षों के बारे में बलविंद्र ढुल से आवश्यक जानकारी हासिल की। इसके बाद उन्होंने यहां ट्रेनिंग दे रहे ट्रेनर व बच्चों के साथ सीधी बातचीत की। जिसमें उन्होंने बच्चों के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि केवल फैसला ले लेना ही र्प्याप्त नहीं होता। फैसला लेकर उस पर ईमानदारी से मेहनत कर उस फैसले को सही साबित करना होता है। अपनी तिरंगे के
लिए लड़ी गई दस साल की लड़ाई का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने केवल यह नहीं सोचा था कि तिरंगा हर घर में फहराने का अधिकार आम आदमी को हो, बल्कि इसके लिए दस साल तक प्रयास किए और माननीय सुप्रीम कोर्ट से ऐतिहासिक फैसला हुआ कि देश के आम आदमी को अपने राष्ट्रीय ध्वज को फहराने का अधिकार है। इसीलिए बच्चे भी समय-समय पर खुद की योग्यता को बढ़ाने के लिए फैसले लें और फिर उन फैसलों पर मेहनत करें तो राष्ट्र स्वयं मजबूत होगा।
इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं में स्किल बढ़़ाने के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। आज युवाओं को स्किल की आवश्यकता है। उन्होंने आज एडवांस स्किल सेंटर का दौरा कर आवश्यक जानकारी हासिल की है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे नहीं मानते कि एआई या रोबोट से रोजगार खत्म होंगे, बल्कि
इससे काम आसान होगा और रोजगार भी बढ़ेंगे। इस अवसर पर उनके साथ जिला भाजपा अध्यक्षा ज्योति सैनी, पूंडरी से विधायक सतपाल जांबा, समाज सेवी मनोज दुआ, पूजा ढुल, नरेश राविश, मोहिनी कंसल, खुशबू सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।

