सुबह 10 बजे केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ करेंगे धरना प्रदर्शन
कैथल । केन्द्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ 9 जुलाई को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा और सीटू की संयुक्त बैठक जवाहर पार्क में हुई। इसकी अध्यक्षता संयुक्त रूप से सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान शिवचरण व सीटू के जिला प्रधान बसाऊ राम चंदाना ने की और संचालन सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला सचिव मास्टर रामपाल शर्मा ने किया। बैठक में सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला कैशियर व जिला वरिष्ठ उपप्रधान ओमपाल भाल विशेष रूप से मौजूद रहे।
जिले के कर्मचारी ब्लॉक स्तर पर सुबह 10 बजे
उन्होंने बताया कि जिले में हड़ताल की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जिले के कर्मचारी ब्लॉक स्तर पर सुबह 10 बजे केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि कैथल ब्लॉक में कर्मचारी जवाहर पार्क और परियोजना कर्मी हनुमान वाटिका में एकत्रित होकर प्रदर्शन करते हुए जिला सचिवालय में सयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे। बाकि ब्लॉकों से कर्मचारी, मजदूर और परियोजना कर्मी संयुक्त रूप से एक स्थान पर ही एकत्रित होंगे। उन्होंने बताया कि गुहला ब्लॉक में देवीलाल पार्क चीका, सीवन में नगरपालिका कार्यालय परिसर, कलायत में पुरानी तहसील, राजौंद में नगरपालिका कार्यालय व पुंडरी और ढांड के कर्मचारी, मजदूर व परियोजना कर्मी मार्केट कमेटी कार्यालय परिसर पुंडरी में एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि समाज के सभी तबकों में सरकार के प्रति गहरा रोष है, इस बार भी हड़ताल ऐतिहासिक होगी।

