कैथल । भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे हरियाणा प्रांत में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पूज्य संतों एवं महंतों के डेरों पर जाकर उन्हें सम्मानित कर आशीर्वाद प्राप्त करने का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी कड़ी में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने माता गेट स्थित पवित्र सूरजकुंड माता मंदिर में पहुंचकर महंत रमन पूरी से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शक्ति सोथा, शहरी मंडल अध्यक्ष आयुष गर्ग, शाशि सैनी, कर्मवीर जांगड़ा, प्रमोद भाटिया सहित पार्टी कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु जन विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष ने कहा
जिलाध्यक्ष ने कहा कि गुरु का स्थान हमारे जीवन में सर्वोच्च होता है। वे न केवल हमें ज्ञान देते हैं बल्कि हमें सच्चे मार्ग पर चलने की प्रेरणा भी देते हैं। भारतीय जनता पार्टी सदैव भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं एवं गुरु-शिष्य संबंधों के संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि संत समाज हमारे राष्ट्र की आत्मा है जिनके आशीर्वाद से समाज में शांति, सद्भावना एवं आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है। भाजपा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल एक सांस्कृतिक एवं धार्मिक कर्तव्य का निर्वहन था, बल्कि समाज में एक सकारात्मक ऊर्जा व आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश देने की दिशा में एक प्रेरणास्पद पहल भी रही।

