कैथल, 28 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और हरियाली को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से एसपी आस्था मोदी के निर्देशानुसार पुलिस लाइन कैथल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान का नेतृत्व डीएसपी ट्रैफिक सुशील प्रकाश ने किया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ होमगार्ड जवानों ने
भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर फलदार, छायादार तथा विभिन्न प्रकार के फूलों के पौधे लगाए गए। डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि पौधे हमारे जीवन का आधार हैं, जो न केवल हमें शुद्ध हवा प्रदान करते हैं बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने
के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है। पौधारोपण के दौरान डीएसपी ने सभी पुलिस कर्मचारियों व जवानों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने घरों व कार्यस्थलों पर भी पौधे लगाएं और उनकी देखभाल की जिम्मेदारी स्वयं लें। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाने से केवल हरियाली ही नहीं बढ़ती, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ
और सुरक्षित पर्यावरण की दिशा में बड़ा कदम है। पुलिस विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे जागरूकता अभियान आयोजित किए जाते हैं ताकि समाज में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाई जा सके। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

