Saturday, December 6, 2025
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeहरियाणा प्रदेशकैथलपंडित नेहरू ने भारत की लोकतांत्रिक नींव को किया मजबूत : रामचंद्र...

पंडित नेहरू ने भारत की लोकतांत्रिक नींव को किया मजबूत : रामचंद्र गुर्जर

ढांड, 14 नवंबर । भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अध्यक्ष रामचंद्र गुर्जर ढांड ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें सादर नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर अपने संबोधन में रामचंद्र गुर्जर ने कहा कि नेहरू ने अपने दूरदर्शी, आधुनिक और उदार नेतृत्व से स्वतंत्र भारत की दिशा तय की। उनके

मार्गदर्शन में देश ने लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखी। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू सिर्फ भारत के पहले प्रधानमंत्री नहीं थे, बल्कि वे स्वतंत्र भारत की आत्मा और विचारधारा के निर्माता थे। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को एक ऐसी संरचना दी, जिसने दुनिया में देश की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुर्जर

ने कहा कि आज जब देश कई चुनौतियों से जूझ रहा है, तब नेहरू की नीतियां और विचार हमें सही दिशा दिखाते हैं। उन्होंने वैज्ञानिक सोच, आधुनिक शिक्षा और संस्थागत ढांचे को मजबूत करने पर सदैव जोर दिया। नेहरू के नेतृत्व में बनाए गए संवैधानिक ढांचे ने भारत को विविधतापूर्ण राष्ट्र होने के बावजूद एकजुट रहने की शक्ति दी। यही कारण है कि

विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत आज मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि नेहरू का पंचशील सिद्धांत, गुटनिरपेक्ष आंदोलन और अंतरराष्ट्रीय संबंधों में संतुलित दृष्टिकोण आज भी विश्व राजनीति के लिए मार्गदर्शक है। यह दृष्टि उनके वैश्विक नेतृत्व को दर्शाती है। आधुनिक भारत की वैज्ञानिक प्रगति सब नेहरू की सोच और मजबूत नीतिगत फैसलों

का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा नेहरू के विचारों को अपनी प्रेरणा माना है। पार्टी आज भी सामाजिक एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास की उस राह पर चलने का संकल्प दोहराती है, जिसे नेहरू ने दिखाया

था। भारत के युवाओं को नेहरू के आदर्शों वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सहिष्णुता और आधुनिकता को समझना चाहिए, क्योंकि यही मूल्य भविष्य के भारत को मजबूत बनाएंगे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने नेहरू की जयंती पर उन्हें सादर नमन करते हुए

कहा कि हिंद के जवाहर का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका व्यक्तित्व, नीतियाँ और आदर्श सदैव देश के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments