चेन्नई, 11 मार्च (वेब वार्ता)। इजराइल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी भीषण हवाई हमलों और सैन्य
तनाव के कारण दुबई में फंसे तमिल सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अजित कुमार अंततः सुरक्षित चेन्नई
लौट आए हैं। खाड़ी क्षेत्र में युद्ध के चलते हवाई मार्गों पर लगाए गए प्रतिबंधों और उड़ानों के निरस्त
होने से अजित पिछले 12 दिनों से दुबई में अटके हुए थे। मंगलवार को उन्हें चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट
पर देखा गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके प्रशंसक उनकी
सलामती की खबर पाकर राहत महसूस कर रहे हैं और इंटरनेट पर उनका जोरदार स्वागत किया जा रहा
है।
मीडिया रिपोर्ट्स और अभिनेता के मैनेजर के अनुसार, अजित कुमार अपने प्रोफेशनल मोटरस्पोर्ट्स
कमिटमेंट्स के सिलसिले में सऊदी अरब और दुबई के बीच यात्रा कर रहे थे। 28 फरवरी को उन्हें भारत
के लिए रवाना होना था, लेकिन ऐन वक्त पर पश्चिम एशिया के हवाई क्षेत्र (Airspace) में सुरक्षा
कारणों से प्रतिबंध लगा दिए गए। इसके चलते उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई और उन्हें एयरपोर्ट से
वापस लौटना पड़ा। जब तक उड़ान सेवाएं बहाल नहीं हुईं, उन्हें दुबई में ही रुकना पड़ा। इस दौरान उनके
मैनेजर लगातार फैंस को उनकी सुरक्षा की जानकारी देकर आश्वस्त करते रहे।
ईरान-इजराइल संघर्ष के कारण पूरे खाड़ी क्षेत्र की विमानन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे
अजित कुमार की तरह हजारों अंतरराष्ट्रीय यात्री विभिन्न शहरों में फंस गए थे। युद्ध के 12वें दिन जैसे
ही हवाई मार्गों में ढील दी गई, फंसे हुए नागरिकों को निकालने की प्रक्रिया तेज हुई। अजित कुमार को
चेन्नई एयरपोर्ट के अराइवल गेट पर कड़ी सुरक्षा के बीच अपनी कार की ओर जाते देखा गया। हालांकि,
उन्होंने मीडिया से कोई औपचारिक बात नहीं की, लेकिन उनकी सुरक्षित वापसी ने तमिल फिल्म उद्योग
और उनके करोड़ों प्रशंसकों की चिंता को समाप्त कर दिया है।

