नई दिल्ली, 08 मार्च । अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को महिला एवं बाल विकास
मंत्रालय द्वारा कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक का आयोजन किया गया। इसमें केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय राज्य मंत्री
अनुप्रिया पटेल एवं सावित्री ठाकुर के साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी भाग लिया। यह वॉक इंडिया गेट से
शुरू होकर लगभग 2 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए विजय चौक पर संपन्न हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा
कि यह आयोजन महिलाओं के सम्मान, नेतृत्व और उनके योगदान को समर्पित एक प्रेरणादायक पहल है।मुख्यमंत्री ने
कहा कि आज भारत में नारी शक्ति केवल परिवार और समाज की धुरी ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सशक्त
भागीदार बनकर उभर रही है। आज महिलाएं देश के सर्वोच्च पदों पर नेतृत्व करते हुए विज्ञान, प्रशासन, उद्यमिता,
शिक्षा, खेल और रक्षा जैसे हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन
महिलाओं की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ-साथ उन्हें अधिक अवसर, सुरक्षा और सम्मान देने का संकल्प लेने
का भी समय है।इस प्रेरणादायक शक्ति वॉक में विभिन्न क्षेत्रों की लगभग 3000 महिलाओं ने हिस्सा लिया। इसमें
सेना, पुलिस, स्वास्थ्य सेवाओं, खेल जगत और सरकारी संस्थानों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर कार्यरत आंगनवाड़ी
और आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। यह वॉक 150 से अधिक मंत्रालयों, विभागों और संगठनों के
महिला प्रतिनिधित्व का एक साझा मंच बनी।

