नई दिल्ली, 20 दिसंबर । राजधानी दिल्ली इस समय प्रदूषण, घने कोहरे और कड़ाके की
ठंड—तीनों की मार झेल रही है। शनिवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ली, जब
बर्फीली हवाओं और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। सड़कों पर हर तरफ
कोहरे की सफेद चादर दिखाई दी, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई और वाहन चालकों के लिए
हालात खतरनाक बने रहे।
मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार,
शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह व रात के समय बहुत घना कोहरा बना
रहेगा। अगले दो दिनों तक कोहरे से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। न्यूनतम तापमान 7 डिग्री
सेल्सियस के आसपास दर्ज होने की संभावना है, जबकि दिन का तापमान भी सामान्य से कम रह
सकता है।
शुक्रवार को कैसा रहा मौसम
शुक्रवार को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली थी। अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस और
न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक था।
प्रदूषण ने बढ़ाई चिंता
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, शनिवार सुबह 7:30 बजे तक दिल्ली का औसत
एक्यूआई 380 दर्ज किया गया। राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’
श्रेणी में पहुंच चुकी है। कुछ क्षेत्रों में एक्यूआई 400 से 500 के बीच दर्ज किया गया।
एनसीआर के अन्य शहरों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है—
फरीदाबाद: 352
गाजियाबाद: 375
गुरुग्राम: 378
ग्रेटर नोएडा: 362
नोएडा: 368
विशेषज्ञों का कहना है कि ठंड, कम हवा की रफ्तार और घने कोहरे के कारण प्रदूषक कण वातावरण
में फंसे हुए हैं, जिससे हालात और बिगड़ रहे हैं। बच्चों, बुजुर्गों और सांस के रोगियों को विशेष
सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


