Wednesday, February 4, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeनई ‎दिल्लीवर्क फ्रॉम होम के नाम पर 17 लाख की ठगी, गिरफ्तार

वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 17 लाख की ठगी, गिरफ्तार

नई दिल्ली, 03 फरवरी । वर्क फ्रॉम होम और पेड टास्क का लालच देकर लोगों से ठगी करने
वाले एक साइबर अपराधी को उत्तर पश्चिम जिले की साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित
की पहचान 25 वर्षीय पठान उजेफ खलील खान के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के जालना जिले का रहने
वाला है। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर जालना से दिल्ली ला रही है।

उत्तर-पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली के त्रिनगर,
केशवपुरम निवासी राहुल सैनी ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे घर बैठे काम दिलाने
के नाम पर 17,16,777 रुपये की ठगी का शिकार बनाया गया। शिकायत के आधार पर ई-एफआईआर
दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपित साइबर अपराधियों के उस नेटवर्क का
हिस्सा था, जो ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में घुमाकर निकालने का काम करता था।
पुलिस ने मनी ट्रेल और डिजिटल फुटप्रिंट्स का विश्लेषण किया तो पता चला कि ठगी की रकम
आरोपित के खाते में आई और बाद में सेल्फ चेक के जरिए निकाली गई। तकनीकी और लोकेशन
विश्लेषण के बाद पुलिस टीम आरोपित तक पहुंचने में सफल रही।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपित ने कबूल किया कि पैसों की जरूरत और ऐशो-आराम की जिंदगी
के चलते वह साइबर ठगों के संपर्क में आया। गिरोह के सदस्य पहले पीड़ितों को वर्क फ्रॉम होम के नाम
पर झांसे में लेते थे और फिर म्यूल अकाउंट्स के जरिए रकम ट्रांसफर कराई जाती थी। पहचान छिपाने
के लिए आरोपित बार-बार मोबाइल नंबर बदलता रहता था।

आरोपित की प्रोफाइल के मुताबिक वह 12वीं तक पढ़ा है और फिलहाल एक निजी होटल में शेफ के तौर
पर काम करता था। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन भी
बरामद किया है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि आरोपित की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है
और उसके अन्य साथियों व इसी तरह की ठगी के मामलों में संलिप्तता का भी पता लगाया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments