नई दिल्ली, 22 अगस्त । संगठन सृजन अभियान के तहत दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के
अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में आज प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
हुई। इस बैठक में लोकसभा एवं जिला आर्ब्जवरों ने संगठन से जुड़े मुद्दों, मासिक बैठकों और
आगामी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की।
राहुल गांधी की यात्रा के लिए आभार व्यक्त
बैठक में मौजूद दिल्ली के सभी वरिष्ठ नेताओं ने एकमत से कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा बिहार में
एसआईआर और वोट चोरी के खिलाफ निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा का स्वागत किया।
नेताओं ने कहा कि यह यात्रा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम है। प्रदेश
कांग्रेस ने इसके लिए राहुल गांधी को धन्यवाद दिया और इसे देशहित में बताया।
वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी
बैठक में देवेन्द्र यादव के अलावा पूर्व मंत्री डॉ. नरेन्द्र नाथ, कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल
भारद्वाज, प्रदेश कांग्रेस प्रशासनिक प्रभारी जतिन शर्मा, पूर्व विधायक हसन अहमद और सुरेन्द्र कुमार
सहित अनेक वरिष्ठ नेता, जिला अध्यक्ष और लोकसभा व जिला आर्ब्जवर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
वोट चोरी पर भाजपा पर निशाना
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल
गांधी ने सबूतों के साथ यह साबित कर दिया है कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलीभगत कर
वोट चोरी की और अनैतिक रूप से सत्ता पर काबिज हुई। उन्होंने कहा कि इस सच्चाई को देश के
सामने लाना कांग्रेस की बड़ी जिम्मेदारी है।
प्रतीकात्मक यात्राओं का आयोजन
देवेन्द्र यादव ने बताया कि दिल्ली कांग्रेस ने राहुल गांधी की यात्रा से प्रेरणा लेते हुए बाबरपुर जिले में
15 अगस्त को तिरंगा साइकिल यात्रा और करावल नगर जिले में 17 अगस्त को वोटर अधिकार
प्रतीकात्मक पैदल यात्रा निकाली। इन यात्राओं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जिला पदाधिकारियों और ब्लॉक
अध्यक्षों ने भारी संख्या में भाग लिया।
आगामी योजनाओं की घोषणा
देवेन्द्र यादव ने घोषणा की कि आने वाले समय में दिल्ली कांग्रेस अन्य जिलों में भी इसी तरह की
वोटर अधिकार यात्राएं निकालेगी। उन्होंने जिला अध्यक्षों और आर्ब्जवरों से कहा कि वे संगठन की
एकता और मजबूती को साबित करने के लिए तैयार रहें।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
देवेन्द्र यादव ने जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे ब्लॉक, मंडलम और सेक्टर अध्यक्षों के साथ
समन्वय स्थापित करें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें। उन्होंने कहा कि भाजपा की वोट
चोरी की साजिश को जनता के बीच उजागर करना ही कांग्रेस का सबसे बड़ा दायित्व है।
सोशल मीडिया और छात्र राजनीति पर जोर
बैठक के दौरान अनिल भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया
प्लेटफॉर्म पर भाजपा की कुनीतियों को उजागर करना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली के प्रत्येक
ब्लॉक में छात्रों को चिन्हित करके उन्हें एनएसयूआई के उम्मीदवारों का समर्थन करने के लिए प्रेरित
किया जाएगा, ताकि छात्र संघ चुनावों में कांग्रेस मजबूती से जीत हासिल कर सके।

