नई दिल्ली, 05 नवंबर । गुरु नानक देव महाराज के पावन प्रकाश पर्व पर आज दिल्ली
विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने गुरुद्वारा बंगला साहिब में मत्था टेका। उन्होंने अरदास में
भाग लेकर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं के प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त की।
अपना अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि इस पवित्र स्थल की शांति और पवित्रता समाज
और राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित होने की प्रेरणा देती है। हम सभी गुरु नानक देव जी के एकता,
करुणा और विश्व बंधुत्व के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लें। गुरु नानक देव जी के
दिव्य संदेश आज भी धर्मनिष्ठा और मानवता के पथ को आलोकित करता है। उनकी शिक्षाएं समय
और धर्म की सीमाओं से परे हैं, जो हमें सत्य, विनम्रता और सेवा से युक्त जीवन जीने की प्रेरणा
देती हैं।
विजेंद्र गुप्ता ने गुरुद्वारा में आयोजित गुरु नानक देव महाराज के जीवन और विरासत को समर्पित
विशेष प्रदर्शनी का भी भ्रमण किया। प्रदर्शनी में गुरु नानक देव के जीवन से जुड़े दुर्लभ अभिलेखीय
फोटोग्राफ, पांडुलिपियां और उनके उपदेशों एवं यात्राओं से संबंधित दृश्य प्रस्तुत किए गए।

