Sunday, March 22, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeनई ‎दिल्लीनितिन नबीन बने भाजपा के 12वें अध्यक्ष, मोदी की मौजूदगी में हुई...

नितिन नबीन बने भाजपा के 12वें अध्यक्ष, मोदी की मौजूदगी में हुई घोषणा

नई दिल्ली, 20 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी को आज नितिन नबीन के रूप में
नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया। भाजपा के दीनदयाल मार्ग स्थित मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र
मोदी की मौजूदगी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया का संचालन कर रहे मुख्य निर्वाचन

अधिकारी डॉ के लक्ष्मण ने मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे श्री नबीन के भाजपा के 12 वें अध्यक्ष के
रूप में निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा की। घोषणा होने के साथ ही वहां बड़ी संख्या में मौजूद
पार्टी के कार्यकर्ताओं में हर्ष छा गया। उन्होंने ढोल बजा कर और नारेबाजी करके खुशी का इज़हार
किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन को पुष्पमाला पहना कर उन्हें भाजपा अध्यक्ष बनने की बधाई एवं
यशस्वी नेतृत्व की शुभकामनाएं दी। निवर्तमान अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने भी श्री नबीन को
बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भाजपा मुख्यालय में इस मौके पर मंच पर पूर्व भाजपा अध्यक्ष और
केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री
राजनाथ सिंह मौजूद थे। उन्होंने भी नितिन नबीन को बधाई दी।

नड्डा ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के
तौर पर नितिन नबीन पदभार संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह महान पार्टी, जिसे श्यामा प्रसाद
मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ के तौर पर आगे बढ़ने का सौभाग्य मिला। इसी को आगे अटल बिहारी
वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, कुशाभाऊ ठाकरे ने भाजपा के तौर पर आगे बढ़ाया।

नड्डा ने कहा कि आज बहुत ही ऐतिहासिक अवसर है, जब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हमारे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान नितिन नबीन ये पदभार
संभाल रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘नितिन नबीन जो मूलत: कार्यकर्ता हैं, वैचारिक पृष्ठभूमि पर परिपक्व हैं
और बहुत ही छोटी उम्र में पांच बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में भी विधायक हैं। बिहार

सरकार में कई बार मंत्री रहे हैं। हमारे राष्ट्रीय युवा मोर्चा के महासचिव के रूप में आपको सारे देश
का भ्रमण करने का मौका मिला, उन्होंने सारे देश को समझा। आप सिक्किम के प्रभारी रहे और आप
छत्तीसगढ़ के भी प्रभारी रहे, जहां उन्होंने भाजपा सरकार लाने में बहुत बड़ा योगदान किया। ऐसे
नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान व्यक्तित्व ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है।

उल्लेखनीय है कि 16 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचन कार्यक्रम की अधिसूचना जारी
की गई थी और उसी दिन निर्वाचन सूची का प्रकाशन किया गया था। इसी के अनुरूप नामांकन
प्रक्रिया सोमवार 19 जनवरी को अपराह्न 2 से शाम 4 बजे तक पार्टी के केंद्रीय मुख्यालय में चली।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार के रूप में सिर्फ कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने
नामांकन किया था। अध्यक्ष पद के लिए कुल 37 सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जो सभी

नितिन नबीन के पक्ष में थे। जांच के बाद सभी नामांकन पत्र नियमों के अनुरूप पाए गए थे। राष्ट्रीय
अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने से पहले 36 प्रदेशों में से 30 प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव
सम्पन्न कराये गये थे जो न्यूनतम आवश्यक 50 प्रतिशत से अधिक है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments